---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, June 14, 2026

विश्व रक्तदाता दिवस पर सीआईएटी स्कूल सीआरपीएफ में रक्तदान शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


रक्तदाताओं का किया उत्साहवर्धन, 53 यूनिट हुआ रक्तदान

शिवपुरी- वश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काउंटर इंसर्जेंसी एंड एंटी टेररिज्म स्कूल (सीआईएटी), शिवपुरी में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी), शिवपुरी के सहयोग से एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम सीआईएटी प्राचार्य एवं आईजीपी अशोक साम्याल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीमती नेहा यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत, डॉ. डी. परमहंस, डीन,गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज शिवपुरी, श्रीमती डॉ. अपराजित तोमर, विभागाध्यक्ष पैथोलॉजी विभाग, डॉ. शिल्पा, डॉ.पारुल गुप्ता, लॉयंस क्लब से जुड़े समाजसेवी अध्यक्ष पुनीत गोयल, सचिव सूरज बंसल, गौरव खण्डेलवाल एवं गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज शिवपुरी के अनेक प्रशिक्षु विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सीआईएटी के मुख्य प्रशिक्षक अधिकारी बृजेश कुमार ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है तथा स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि श्रीमती नेहा यादव ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह योगदान अनेक जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।उन्होंने सीआरपीएफ एवं गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, शिवपुरी द्वारा आयोजित इस जनहितकारी पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। लायंस राईजर्स क्लब सचिव सूरज बंसल ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। उन्होंने नागरिकों से संकोच छोड़कर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की तथा कहा कि एक रक्तदाता कई लोगों के जीवन की रक्षा कर सकता है। रक्तदान शिविर में सीआरपीएफ अधिकारियों देवेन्द्र कुमार,उप कमांडेंट धर्मेन्द्र कुमार, मनीष कुमार शर्मा, आनंद कुमार यादव ब अधीनस्थ अधिकारी, जवानों, प्रशिक्षुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस रक्तदान शिविर में कुल 53 यूनिट ब्लड डोनेट किया गया, रक्तवीरों द्वारा किया गया यह योगदान शिवपुरी जिले में रक्त की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दुर्घटनाओं, गर्भवती महिलाओं की आपात चिकित्सा आवश्यकताओं, गंभीर बीमारियों तथा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में रक्त की कमी के कारण होने वाली संभावित मृत्यु को रोकने में ऐसे शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।  

No comments: