---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, June 14, 2026

समाजसेवी रक्तदाता वैभव कबीर (कुक्कू भैया) का विश्व रक्तदाता दिवस पर किया सम्मान


शिवपुरी।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर शक्तिशाली महिला संगठन समिति द्वारा बाणगंगा परिसर, शिवपुरी में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जिले के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं रक्तदाता वैभव कबीर (कुक्कू भैया) का सम्मान किया गया। वैभव कबीर पिछले 18 वर्षों से निरंतर स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय हैं और अब तक 50 से अधिक बार रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान दे चुके हैं। वे सदैव वास्तविक एवं आपातकालीन आवश्यकता वाले मरीजों को प्राथमिकता देते हुए रक्त उपलब्ध कराने के लिए तत्पर रहते हैं।

वैभव कबीर द्वारा संचालित माँ विद्या देवी रक्तदान समूह, शिवपुरी उनकी पूज्य माताजी की स्मृति को समर्पित है। यह समूह जिले में स्वैच्छिक रक्तदान की अलख जगाने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उनके अथक प्रयासों से अब तक 250 से अधिक युवाओं एवं नागरिकों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा चुका है, जो समाज के लिए एक प्रेरणादायक उपलब्धि है। इस अवसर पर डॉ. रवि गोयल, निदेशक, शक्तिशाली महिला संगठन समिति एवं उनकी टीम द्वारा वैभव कबीर का शॉल, श्रीफल, गौ-गोबर से निर्मित पर्यावरण अनुकूल गणपति प्रतिमा तथा स्मृति उपहार भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर चर्चा की तथा अधिक से अधिक युवाओं को नियमित रक्तदाता बनने का संकल्प दिलाया। शक्तिशाली महिला संगठन समिति ने इस अवसर पर समाज के सभी नागरिकों से अपील की कि वे रक्तदान को जनआंदोलन बनाकर मानव जीवन की रक्षा में अपना योगदान दें।

No comments: