---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, June 17, 2026

मानस भवन में लगा जनकल्याण शिविर, हितग्राहियों को किया हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र का वितरण


चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शिवपुरी-विकासखंड स्तरीय जनकल्याण शिविर के द्वितीय दिवस मानस भवन, शिवपुरी में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पोषण आहार तथा पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

शिविर की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
शिवपुरी एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री आनंद सिंह राजावत ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बच्चों ने चित्रों में उकेरा पर्यावरण और योग का महत्व
जनकल्याण शिविर के अंतर्गत बच्चों में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने पृथ्वी संरक्षण, जल संवर्धन, हरित पर्यावरण एवं योग के महत्व को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत शिवपुरी सुश्री सोनम जैन तथा जिला परियोजना समन्वयक राज्य शिक्षा केंद्र शिवपुरी श्री दफेदार सिंह सिकरवार उपस्थित रहे।

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रेणी ए (5 से 7 वर्ष) में धनवी मित्तल, श्रेणी बी (8 से 12 वर्ष) में आध्या तोमर तथा श्रेणी सी (13 से 17 वर्ष) में सिद्धार्थ राजे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता एवं प्रतिभागी बच्चों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

No comments: