---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Monday, August 24, 2026

भारत विकास परिषद शाखा वीर तात्या टोपे का संस्कृति सप्ताह उत्साहपूर्वक सम्पन्न



पारिवारिक मिलन, श्रावण झूला कीर्तन व दर्शन एवं रामायण पर आधारित प्रश्नावली जैसे हुए अनेकों आयोजन

शिवपुरी। भारत विकास परिषद शाखा वीर तात्या टोपे, शिवपुरी द्वारा संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण की भावना के साथ संस्कृति सप्ताह का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। सप्ताहभर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में परिषद के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। प्रत्येक कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन के साथ किया गया। भारतीय संस्कृति, सभ्यता, जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा की भावना को समर्पित यह संस्कृति सप्ताह विविध सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। संस्कृति सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में पारिवारिक मिलन एवं दर्शन में 90 सदस्यों ने सहभागिता की। इस दौरान अल्पाहार, दर्शन एवं रामायण पर आधारित प्रश्नावली का आयोजन किया गया। श्रावण झूला कीर्तन में 38 सदस्यों ने भाग लिया, जहां भगवान श्रीकृष्ण के भजनों का गायन कर ठाकुर जी को झूला झुलाया गया तथा फलाहारी प्रसाद वितरित किया गया।

जानकारी देते हुए शाखा अध्यक्ष चंद्र मोहन नागपाल, शाखा सचिव इंद्रजीत चावला एवं महिला सहभागिता प्रमुख श्रीमती संगम अग्रवाल ने बताया कि संस्कृति सप्ताह के तहत गौशाला में गौ-सेवा कार्यक्रम के दौरान 20 सदस्यों ने सहभागिता करते हुए चारा, गुड़ एवं अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की। इस अवसर पर श्री हरिओम अग्रवाल ने 11,000 की सहयोग राशि समर्पित की। एनीमिया जांच शिविर में 110 लोगों की जांच की गई, जिसमें 8 लोगों में एनीमिया पाया गया। डॉ. उमा जैन ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। अपना घर आश्रम में प्रभु सेवा के अंतर्गत 180 प्रभुजनों को भोजन कराया गया, जिसमें 19 सदस्यों ने दो घंटे सेवा कार्य किया। वहीं खुशियों की रोटी अभियान के तहत मरीजों के परिजनों को भोजन वितरित किया गया। इस सेवा कार्य में श्रीमती अनीता अग्रवाल ने 1,100 की सहयोग राशि प्रदान की तथा 7 सदस्यों ने सहभागिता की। 

गुरुद्वारा साहिब में लंगर सेवा के दौरान 14 सदस्यों ने सेवा कार्य किया और लगभग 25 लोगों की उपस्थिति रही। युवा कार्यशाला में 120 बच्चों ने लाभ लिया। इस दौरान श्री संजीव जी ने बच्चों को मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी उद्बोधन दिया तथा 10 सदस्यों ने आयोजन में सहयोग किया। संस्कृति सप्ताह के समापन अवसर पर अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 32 सदस्यों ने पांच टीमों के माध्यम से उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। संस्कृति सप्ताह के सफल आयोजन पर परिषद के सदस्यों ने सेवा, संस्कार, सहयोग और सामाजिक सहभागिता के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

No comments: