---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, September 16, 2026

लायंस क्लब शिवपुरी साउथ द्वारा मनाया गया इंजिनियर्स दिवस




इंजीनियरों का किया सम्मान

शिवपुरी। समाजसेवी संस्था लायंस क्लब शिवपुरी साउथ द्वारा गत दिवस भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के अवसर पर इंजीनियर्स दिवस मनाया गया। इस दौरान संस्था के इंजीनियर साथियों का माल्यार्पण कर स्वागत सम्मान किया गया। कार्यक्रम में  हाँ मंच संचालन मुख्य रूप से लायंस क्लब के सचिव सुनील बिसानी द्वार किया गया स्वागत भाषण संस्था अध्यक्ष रवि कुमार गोयल के द्वारा दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पीएमजेफ लायन इंजी. पवन जैन रहे जिन्होने अपने संबोधन में कहा कि इंजीनियर अपनी सोच, तकनीक और इनोवेशन से हरेक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है और यही कार्य उसे सफलता के शिखर पर पहुंचाने का कार्य करते है। 

कार्यक्रम के दौरान संस्था के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले इंजीनियर्स का उनके योगदान का उल्लेख करते हुए सम्मान किया गया जिसमें मुख्य रूप से इंजी. मुकेश जैन, इंजी.अंकुर गुप्ता,  इंजी. एविट गुप्ता, इंजी. महिपाल अरोरा, इंजी. नीरज खरे आदि का शॉल ओड़ाते हुए श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में ध्वज वंदना गरिमा गुप्ता के द्वारा की गई। इस अवसर पर क्लब की ओर से सेवा गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। 

कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने स्तर पर सहयोग प्रदान करने की बात कही। इस दौरान कृष्ण मोहन गोयल, विनय गोयल, प्रवीण जैन, हेमंत नागपाल, प्रवीण गुप्ता, राजेंद्र शिवहरे, रवींद्र गोयल, संदीप वर्मा, मातृ शक्ति के रूप में श्रीमती मीरा गोयल, श्रीमती नीलम बीसानी, संगीता जैन, गरिमा गुप्ता एवं ऋचा गुप्ता आदि मौजूद रही।  कार्यक्रम के समापन पर कोषाध्यक्ष  अर्पित बंसल के द्वारा सभी के प्रति आभार प्रकट किया गया।

सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ आज : आयोजित होंगे रक्तदान शिविर


मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल शिवपुरी सहित पिछोर एवं करैरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित होंगे शिविर

शिवपुरी-जिले में भी आज 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होगी। 'सेवा संकल्प अभियानÓ के अंतर्गत 17 सितम्बर को रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। रक्तदान महादान के संकल्प के साथ सभी से शिविर में पहुंचकर रक्तदान की अपील की गई है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों के साथ आज बैठक की और सभी से अभियान में सहयोग की अपेक्षा की। 

उन्होंने कहा कि मानव सेवा के इस महाअभियान में भागीदारी करें। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा, 'आगे आएँ और रक्तदान कर जीवन बचाएँ, क्योंकि रक्तदान ही महादान है।Ó इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के समन्वय में आयोजित इस बैठक में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी व एक्सिस बैंक, अग्रवाल समाज, गायत्री परिवार, सेवा भारती, रेडक्रॉस सोसाइटी, जनभागीदारी समिति, एन.एस.एस. व एन.सी.सी. प्रभारियों सहित विभिन्न व्यापारिक व सामाजिक संगठनों के अध्यक्ष व सचिव उपस्थित रहे।

रक्तदान शिविरों का समय एवं स्थल
जिले में 17 सितम्बर को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों का स्थल एवं समय निर्धारित किया है। जिसमें मेडिकल कॉलेज शिवपुरी तथा जिला अस्पताल शिवपुरी में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रक्तदान शिविर लगेगा। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिछोर में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करैरा में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रक्तदान शिविर लगाए जाएगे।

कौन कर सकता है रक्तदान
स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान हेतु आवश्यक जानकारी दी गई है। सामान्यत: 18 से 65 वर्ष की आयु का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति, जिसका वजन कम से कम 45 से 50 किलोग्राम हो और हीमोग्लोबिन का स्तर 12.5 ग्राम या उससे अधिक हो, रक्तदान कर सकता है। रक्तदान करने वाला व्यक्ति किसी गंभीर संक्रामक या पुरानी बीमारी से ग्रसित नहीं होना चाहिए। एक बार रक्तदान करने के बाद 3 माह के अंतराल पर पुन: रक्तदान किया जा सकता है। रक्तदान करने से शरीर में नए रक्त कणों का निर्माण होता है तथा यह स्वास्थ्य के लिए पूरी तरह सुरक्षित और लाभदायक है।

कलेक्टर ने की कृषि विभाग की समीक्षा, लापरवाही पर दो वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश


बैठक में अनुपस्थित 11 अधिकारियों-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

शिवपुरी-कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में गतदिवस कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विकासखंडवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर श्री वर्मा ने दो वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों की एक-एक वार्षिक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए, वहीं विकासखंड शिवपुरी के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आर.पी.पचौरी को पद से हटाने के निर्देश जारी किए। इसके साथ ही बैठक में अनुपस्थित रहे 11 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति को एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। इसके अलावा विभागीय ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन एवं पॉलीगन का कार्य आगामी 02 दिवस में शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का 2 दिवस में निराकरण करने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने विभागीय समीक्षा के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि विभाग से संबंधित सभी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण 02 दिवस के भीतर प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा बैठक में उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य, जिले के समस्त विकासखंडों के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, समस्त कृषि विकास अधिकारी सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सहायकों ने सौंपा ज्ञापन



सामूहिक अवकाश पर रहे रोजगार सहायक, ज्ञापन सौंप, मांगें पूरी नहीं तो 2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल

शिवपुरी। ग्राम रोजगार सहायकों ने नियमितीकरण सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर प्रदेशस्तरीय आंदोलन के तहत सामूहिक अवकाश रखा। प्रदेश की करीब 23 हजार ग्राम पंचायतों के ग्राम रोजगार सहायकों के साथ शिवपुरी जिले के ग्राम रोजगार सहायकों ने भी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मुख्यमंत्री तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में ग्राम रोजगार सहायकों ने मुख्यमंत्री की घोषणा क्रमांक 2494 का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्राम रोजगार सहायकों को पंचायत सहायक सचिव के पद पर नियमित करने तथा उनकी समस्त सेवा शर्तें पंचायत सचिव के समान करने की घोषणा को लगभग तीन वर्ष हो चुके हैं। संगठन के अनुसार इस संबंध में मंत्री एवं अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता भी हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल पाया है। इससे प्रदेश के ग्राम रोजगार सहायकों में असंतोष है।

ग्राम रोजगार सहायकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी प्रमुख मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो 2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल अथवा आमरण अनशन जैसे कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

स्वामित्व योजना का कार्य राजस्व विभाग को देने की मांग

ज्ञापन में स्थानीय स्तर की समस्याओं को लेकर भी कई मांगें रखी गईं। रोजगार सहायकों ने कहा कि वे स्वामित्व योजना का कार्य नहीं करेंगे और यह कार्य राजस्व विभाग के माध्यम से कराया जाए। उनका तर्क है कि भूमि से संबंधित कार्य राजस्व विभाग के अंतर्गत आते हैं तथा पूर्व में पट्टों से संबंधित कार्य भी राजस्व विभाग द्वारा किए जाते रहे हैं। रोजगार सहायकों ने कहा कि यदि स्वामित्व योजना का कार्य उन पर थोपा गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

समय पर वेतन भुगतान की मांग

ग्राम रोजगार सहायकों ने जनपद पंचायतों द्वारा समय पर वेतन भुगतान नहीं किए जाने की समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि बजट उपलब्ध होने के बाद भी कई बार महीनों तक वेतन का भुगतान नहीं होता। ज्ञापन में पिछोर में जून 2025 का 18 हजार रुपये तथा पोहरी में जून 2025 का 9 हजार रुपये लंबित वेतन भुगतान कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई। साथ ही प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।

लैपटॉप, प्रिंटर और इंटरनेट रिचार्ज की राशि की मांग

रोजगार सहायकों ने कार्य की प्रकृति को देखते हुए लैपटॉप एवं प्रिंटर खरीदने की अनुमति देने तथा इंटरनेट के लिए किए जाने वाले रिचार्ज की राशि का भुगतान करने की व्यवस्था करने की मांग भी रखी।

आवास प्लस सर्वे को लेकर शिकायतों पर जांच के बाद कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में आवास प्लस सर्वे से जुड़ी समस्या भी उठाई गई। रोजगार सहायकों के अनुसार उन्हें सर्वेयर के रूप में जिम्मेदारी दी गई थी और उनके द्वारा हितग्राहियों का सर्वे किया गया। बाद में कुछ हितग्राहियों के नाम चेकर स्तर से सूची से हटाए गए, लेकिन ग्रामीणों द्वारा की जा रही शिकायतों और आरोपों का सामना ग्राम रोजगार सहायकों को करना पड़ रहा है। रोजगार सहायकों ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि बिना जांच के उनके विरुद्ध कार्रवाई न की जाए तथा चेकर द्वारा सूची से हटाए गए हितग्राहियों की सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। ग्राम रोजगार सहायकों ने कहा कि उनकी सभी मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो वे कलमबंद हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे।

इंजीनियरिंग विद्यार्थियों ने जीवन के 'फॉर्मूले" पर लगाया अल्पविराम



यूआईटी आरजीपीवी में 30 दिन 30 कार्यशाला अभियान की 16वीं कार्यशाला सम्पन्न

शिवपुरी। आनंद विभाग जिला शिवपुरी द्वारा सितंबर माह में चलाए जा रहे 30 दिन 30 कार्यशाला अभियान के अंतर्गत 16वीं कार्यशाला यूआईटी आरजीपीवी इंजीनियरिंग कॉलेज, शिवपुरी में आयोजित की गई। कार्यक्रम प्रभारी प्रियंका यादव के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में 60 इंजीनियरिंग विद्यार्थियों ने सहभागिता की और जीवन की घटनाओं, प्रतिक्रियाओं, समस्याओं, जिम्मेदारियों एवं आनंद के विभिन्न पहलुओं पर 'अल्पविराम" के माध्यम से आत्मचिंतन किया।

कार्यशाला में ब्रजेश सिंह तोमर ने घटना, प्रतिक्रिया और परिणाम के संबंध को समझाते हुए कहा कि घटना पर हमारा नियंत्रण नहीं होता, लेकिन उस पर हमारी प्रतिक्रिया हमारे नियंत्रण में होती है। सकारात्मक प्रतिक्रिया सकारात्मक परिणाम की दिशा में ले जा सकती है। इसलिए किसी भी घटना पर प्रतिक्रिया देने से पहले अल्पविराम लेकर ठहरना और विचार करना जरूरी है। पीएनबी से प्रीति तिवारी ने 'जीवन की समस्या एवं समाधानÓ सत्र में प्रतिभागियों को अपनी समस्याओं पर अल्पविराम देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान की पहल स्वयं से करना आवश्यक है। 

मास्टर ट्रेनर साकेत पुरोहित एवं प्रमोद रावत ने 'भारत में हूं न" सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ अपने नैतिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। साथ ही 'हमारे आसपास की समस्याओं का जिम्मेदार कौन है?Ó प्रश्न पर अल्पविराम लेकर स्वयं की भूमिका पर विचार कराया। कार्यशाला का शुभारंभ प्राचार्य एस.के. धाकड़ ने कार्यशाला टीम के साथ 'हमको मन की शक्ति देना" प्रार्थना से किया। सुषमा कन्नौजी ने आनंद संस्थान का परिचय देते हुए उसकी स्थापना एवं उद्देश्यों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। 

राजेश पटेल ने 'आनंद की ओर" सत्र में विद्यार्थियों को जीवन में आनंद के बढऩे और घटने के कारणों पर अल्पविराम लेने के लिए प्रेरित किया तथा निरंतर आनंद में जीने की प्रक्रिया पर आत्मचिंतन कराया। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने यह समझने का प्रयास किया कि किसी भी घटना पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के बजाय ठहरकर विचार करने का छोटा-सा 'अल्पविरामÓ जीवन के परिणामों की दिशा बदल सकता है।

मेडीकल कॉलेज में लगा क्लब फुट शिविर, 11 बच्चों का किया गया उपचार, विशेष जूते भी बांटे गए



शिवपुरी-
श्रीमंत विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज शिवपुरी परिसर में बुधवार को क्लब फुट शिविर का आयोजन किया गया। यह नियमित क्लिनिक मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. इला गुजारिया एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. आशुतोष चौऋषि के कुशल प्रबंधन तथा आरबीएसके के सहयोग से अनुष्का फाउंडेशन, मुंबई द्वारा संचालित किया गया।

प्रत्येक बुधवार को आयोजित होने वाले इस क्लिनिक में क्लब फुट से ग्रसित बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण एवं उपचार किया जाता है। शिविर में हड्डी रोग विभाग के विभागाध्यक्ष व प्रोफेसर डॉ. पंकज शर्मा ने बच्चों का बारीकी से परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया और परिजनों को उपचार के बाद बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। शिविर के दौरान चिकित्सकीय जांच के बाद 4 बच्चों के पैरों का प्लास्टर किया गया। वहीं, उपचार के अगले चरण में पहुंच चुके 7 बच्चों को अनुष्का फाउंडेशन की ओर से विशेष प्रकार के जूते मुफ्त उपलब्ध कराए गए। डॉक्टरों के अनुसार, उपचार के बाद पैरों को स्थायी रूप से सही स्थिति में बनाए रखने के लिए इन विशेष जूतों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। 

इस अवसर पर हड्डी रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. निशांत वर्मा, डॉ. आयुष, डीईआईसी मैनेजर राजेन्द्र शर्मा, स्टाफ नर्स माधुरी जाट, रामू भदौरिया, दीपक शर्मा तथा अनुष्का फाउंडेशन के प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव ऑफिसर दिनेश सोलंकी सहित बच्चों के परिजन उपस्थित रहे। फाउंडेशन के दिनेश सोलंकी ने संस्था के माध्यम से बच्चों को विशेष जूते वितरित किए। डॉक्टरों ने सलाह दी कि क्लब फुट का इलाज जन्म के तुरंत बाद (पहले या दूसरे हफ्ते से) शुरू कर दिया जाए, तो बिना किसी बड़ी सर्जरी के प्लास्टर (पोंसेटी विधि) और विशेष जूतों की मदद से बच्चे के पैर पूरी तरह ठीक हो सकते हैं।

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री पुष्कल प्रताप बने डीएटीसीसी शिवपुरी के नए सचिव


अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में हुए नियुक्त

शिवपुरी-जिलाधीश अर्पित वर्मा की अनुशंसा पर प्रशासनिक एवं कार्य सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (डीएटीसीसी) शिवपुरी के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। जारी आदेश क्रमांक /डीएटीसीसी/2026/168 के तहत लोक निर्माण विभाग संभाग शिवपुरी के कार्यपालन यंत्री श्री पुष्कल प्रताप को परिषद का नया सचिव एवं नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। 

जारी आदेशानुसार पुष्कल प्रताप अपने वर्तमान विभागीय दायित्वों का निर्वहन करने के साथ-साथ डीएटीसीसी के सचिव एवं नोडल अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। शासन द्वारा उन्हें परिषद से संबंधित वित्तीय कार्यों के सुचारू संपादन हेतु आहरण एवं संवितरण अधिकार भी सौंपे गए हैं। इसके साथ ही, जिला शहरी विकास अभिकरण शिवपुरी में कार्यरत सहायक परियोजना अधिकारी सौरभ गौड़ पूर्व की भांति सहायक नोडल अधिकारी डीएटीसीसी के पद पर अपनी सेवाएं देते रहेंगे। वह अपने वर्तमान कार्यों के साथ-साथ परिषद के सहायक नोडल अधिकारी के दायित्वों का संपादन निरंतर पूर्ववत करते रहेंगे। इस नियुक्ति से जिले में पर्यटन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।

राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर शिवपुरी जिले में रजिस्ट्रेशन अभियान तेज


जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल के द्वारा छात्रों का रजिस्टे्रशन कर अभियान से जोड़े जाने का किया जा रहा कार्य

शिवपुरी- आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले राहुल गांधी के  छात्रों की गूंज कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं एवं छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी शिवपुरी द्वारा जिले भर में व्यापक रजिस्ट्रेशन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में माधव चौक चौराहा शिवपुरी पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा केनोपी लगाकर छात्रों एवं युवाओं का रजिस्ट्रेशन कराया गया। यहां से गुजरने वाली स्कूली बसों एवं छात्रों को रोककर क्यू आर कोड स्कैन करवाते हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया गया और कार्यक्रम से जुडऩे की जानकारी दी गई। 

इसके बाद पी.जी. कॉलेज, गर्ल्स कॉलेज, नालंदा एकेडमी, एजुकेशन पॉइंट, शर्मा एजुकेशन पॉइंट, फ्यूचर स्टडी पॉइंट, स्काई पॉइंट, पैरामाउंट, माँ शारदा इंस्टीट्यूड पर भी छात्रो के रजिस्ट्रेशन कराए गए, इसके साथ ही संपूर्ण शिवपुरी जिले में ब्लॉक एवं मंडल स्तर पर, कोचिंग सेंटर, स्कूल, कॉलेज सहित शिक्षा से जुड़े विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार रजिस्ट्रेशन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक छात्र-युवा इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से जुड़ सकें।

माधव चौक पर आयोजित रजिस्ट्रेशन अभियान में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल, पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह, संगठन महासचिव संजय चतुर्वेदी, जिला प्रवक्ता विजय चौकसे, नेता प्रतिपक्ष श्रीमती शशि शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष बलभद्र धाकड़, पार्षद संजय गुप्ता, पूर्व नपा उपाध्यक्ष ए पी एस चौहान, मनोज जैन, रामकुमार दांगी, राजेंद्र शर्मा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में यह रजिस्ट्रेशन अभियान शिवपुरी जिले में निरंतर जारी रहेगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अधिक से अधिक छात्रों एवं युवाओं तक पहुंचकर उन्हें छात्रों की गूंज कार्यक्रम से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।

तुलसी आश्रम बड़े हनुमान मंदिर पर आयोजित मां जानकी कथा में सुनाया माता सीता के ससुराल का वृतांत




व्यासपीठ से बालक देवाचार्य जी महाराज ने कहा—सुख-दु:ख जीवन का जोड़ा, दोनों परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखें

शिवपुरी। श्रीराम जानकी तुलसी आश्रम, बड़े हनुमान मंदिर परिसर में परम श्रद्धेय श्री श्री 1008 श्री मौनी जी महाराज गुरुदेव की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित राधाष्टमी महोत्सव एवं मां जानकी कथा में श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण कथा का श्रवण किया। कथा का वाचन व्यासपीठ से भागवत कथा आचार्य एवं पातालपुरी पीठाधीश्वर जगतगुरु श्री बालक देवाचार्य जी महाराज द्वारा किया जा रहा है। आयोजन महामंडलेश्वर श्री पुरुषोत्तम दास जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हो रहा है। 

कथा में विशेष रूप से अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री महामंडलेश्वर हनुमान दास जी महाराज, महामंडलेश्वर खण्डोवा वाड़ी फैजपुर महाराष्ट्र से पवन कुमार दास जी महाराज, परशुराम दास जी महाराज मडऱीधाम बासौदा, रामकृष्ण बालक दास जी महाराज बंगला चौराहा आदि संत महात्माओं के दर्शन एवं आशीर्वाद श्रद्धालुओं ने प्राप्त किया। कथा के मुख्य यजमान श्रीमती अंजलि-देवेंद्र शर्मा (लल्लू) भैया-भैया परिवार के संत कुमार शर्मा, मुकेश शर्मा, अनिल शर्मा अन्नी, देवांश शर्मा सहित परिजन कथा श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।

कथा के दौरान जगतगुरु श्री बालक देवाचार्य जी महाराज ने माता जानकी के ससुराल से जुड़े प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि बेटी का अपने पिता के साथ विशेष भावनात्मक लगाव होता है। उन्होंने माता-पिता और बेटियों के रिश्ते की संवेदनशीलता को समझाते हुए कहा कि पिता अपनी बेटी के प्रति हमेशा चिंतित रहता है और राजा जनक भी माता जानकी के प्रसंग में भावुक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि सुख और दु:ख जीवन के दो पहलू हैं। जीवन में सुख आए तो प्रसन्न रहना चाहिए और दु:ख आने पर घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि कोई भी परिस्थिति स्थायी नहीं होती। समय के साथ दु:ख भी समाप्त हो जाता है। यह प्रकृति और विधाता का नियम है। 

बालक देवाचार्य जी महाराज ने कहा कि बेटी को हमेशा मायके में रखना संभव नहीं होता। समाज की अपनी परंपराएं और व्यवस्थाएं हैं, इसलिए बेटी का मायके और ससुराल दोनों स्थानों से जुड़ाव बना रहना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बेटी और लक्ष्मी को एक समान माना गया है—दोनों का जीवन में आना-जाना बना रहे तो संतुलन बना रहता है। उन्होंने कहा कि जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर रिश्तों की भूमिकाएं भी बदलती हैं। बेटी के रूप में पिता से, पत्नी के रूप में पति से और मां के रूप में संतान से उसका गहरा जुड़ाव रहता है। यही जीवन की स्वाभाविक व्यवस्था है, जिसे समझकर मनुष्य को हर परिस्थिति को सहजता से स्वीकार करना चाहिए। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर मां जानकी के चरित्र एवं उनके जीवन प्रसंगों का श्रवण किया।  

मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के द्वारा घर-घर पहुंचकर अग्रसेन जयंती सप्ताह में शामिल होने का दिया निमंत्रण


5 से 11 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतिभावान बच्चों का होगा सम्मान

शिवपुरी। अग्रकुल प्रवर्तक श्री श्री 1008 महाराजा अग्रसेन जी महाराज की जयंती को लेकर मध्यदेशीय अग्रवाल समाज शिवपुरी द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अग्रसेन जयंती सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जयंती सप्ताह के अंतर्गत 5 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सुमत कुमार गुप्ता (ख्यावदा वाले), वरिष्ठ उपाध्यक्ष रिंकेश अग्रवाल, श्रीमती रेणु भारत अग्रवाल, उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल, श्रीमती अंजू गोयल,  महामंत्री कुलदीप जैन, श्रीमती संगम अग्रवाल, सह मंत्री वैभव अग्रवाल, श्रीमती पूजा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनोद गुप्ता, प्रचार मंत्री मनीष गुप्ता एवं श्रीमती रेणु नीरज गोयल आदि पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों एवं सक्रिय समाजसेवकों द्वारा घर-घर जाकर समाजबंधुओं को निमंत्रण पत्र प्रदान करने का अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। 

निमंत्रण पत्र में अग्रसेन जयंती सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई है।समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर समाजबंधुओं से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयंती सप्ताह के कार्यक्रमों में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

प्रतिभावान बच्चों का होगा सम्मान

अग्रसेन जयंती समारोह के दौरान प्रतिभा सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसमें समाज के उन प्रतिभावान बच्चों एवं युवाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति, सामाजिक सेवा अथवा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर शिवपुरी और अग्रवाल समाज का नाम गौरवान्वित किया है।

समाजजनों से सपरिवार शामिल होने का आह्वान

मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों ने समाजबंधुओं के साथ-साथ सभी नागरिकों से महाराजा अग्रसेन जी महाराज की जयंती के अवसर पर आयोजित चल समारोह में शामिल होने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के सामाजिक समरसता, सहयोग और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। समाज पदाधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महाराजा अग्रसेन जी महाराज की जयंती का स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन करें।

अनंत चतुर्दशी पर 25 सितंबर को होगा श्री गणेश विसर्जन एवं चल झांकी समारोह






श्री गणेश सांस्कृतिक समिति न्यू ब्लॉक द्वारा होगा भव्य गणेश महोत्सव का आयोजन, दिए जाएंगे एक लाख रुपये से अधिक के नगद पुरस्कार

शिवपुरी। श्री गणेश सांस्कृतिक समिति न्यू ब्लॉक शिवपुरी द्वारा अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर श्री गणेश विसर्जन एवं चल झांकी समारोह का भव्य आयोजन आगामी 25 सितंबर 2026, शुक्रवार को किया जाएगा। समारोह का यह आयोजन गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्थानीय सहस्रबाहु अर्जुन चौराहा, हंस बिल्डिंग के पास, न्यू ब्लॉक शिवपुरी में होगा। जहां से झांकियां एवं विमान हंस बिल्डिंग चौराहा, न्यू ब्लॉक से होकर गुजरेंगे। समिति के अनुसार यह कार्यक्रम में रात्रि 8 बजे श्री गणपति भगवान की प्रतिमा का पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके बाद रात्रि 8:30 बजे समिति के मंच पर युवा प्रतिभागियों द्वारा नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मंच पर प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

समिति के श्री गणेश सांस्कृतिक समिति न्यू ब्लॉक  अध्यक्ष तेजमल सांखला, महासचिव महेंद्र रावत, संरक्षक एड विजय तिवारी, सचिव सौरभ सांखला, रामकुमार शिवहरे, उपाध्यक्ष शीतल जैन, वीरेंद्र जैन (पत्तेवाले), तरुण अग्रवाल, श्याम सुंदर राठौर, गोपाल गौड़, सह स्वागत अध्यक्ष इंजी. पवन जैन, समारोह संयोजक प्रकाश सोनी, कपिल सहगल, कोषाध्यक्ष कालूराम शिवहरे, राजीव शर्मा, सह सचिव दिनेश गर्ग गुड्डे, मुन्ना लाल कुशवाह, सह कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता सन्नी ग्राफिक्स,  समारोह क्षेत्र व्यवस्थापक किशोर खंडेलवाल, अजय बिंदल, महेंद्र वशिष्ठ, अमित गुप्ता, प्रचार सचिव ब्रज दुबे, वरुण भार्गव, मीडिया प्रभारी राजू यादव ग्वाल, विशेष सहयोग अनिल जैन काका ने सभी धर्मप्रेमीजनों से भव्य गणेश महोत्सव शामिल होने का आह्वाहन किया है।

होंगी विभिन्न प्रतियोगिता
समारोह के अंतर्गत चल झांकी, सुंदर मूर्ति, अचल झांकी, पांडाल, नृत्य तथा ग्रुप डांस प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को निर्धारित नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समिति के मुताबिक सभी प्रतियोगिताओं में मिलाकर एक लाख रुपये से अधिक के नगद पुरस्कार दिए जाएंगे।

बटेंगे पुरस्कार
चल झांकी प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 21 हजार, द्वितीय 11 हजार और तृतीय 7100 रुपये रखा गया है। सुंदर मूर्ति प्रतियोगिता में प्रथम 11 हजार, द्वितीय 7100 और तृतीय 5100 रुपये, जबकि अचल झांकी एवं पांडाल प्रतियोगिता में प्रथम 5100, द्वितीय 3100 और तृतीय 2100 रुपये का पुरस्कार निर्धारित है। नृत्य प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में प्रथम 3100, द्वितीय 2100 और तृतीय 1100 रुपये तथा जूनियर वर्ग में प्रथम 2100, द्वितीय 1500 और तृतीय 1100 रुपये दिए जाएंगे। ग्रुप डांस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 4100, द्वितीय 2500 और तृतीय 1500 रुपये रहेगा। विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

निर्णायक मंडल का रहेगा सर्व मान्य निर्णय, पंजीयन कराए गणेश समिति के पांडाल संचालक
श्री गणेश सांस्कृतिक समिति न्यू ब्लॉक ने बताया कि सभी प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल का निर्णय सर्वमान्य एवं अंतिम होगा। समारोह में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 20 रुपये रखा गया है। रजिस्ट्रेशन के लिए रवि मोबाइल, सज्जी कंप्यूटर, कृष्णा ज्वेलर्स एवं ब्रज दुबे (पत्रकार) के यहां संपर्क किया जा सकता है। समिति ने आयोजन के दौरान हथियारों का प्रदर्शन नहीं करने, विस्फोटक सामग्री पूर्णत: प्रतिबंधित रखने तथा सामाजिक सद्भाव को प्रभावित करने वाले नारे एवं गीत नहीं बजाने की अपील की है। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार करने की बात कही गई है।

Tuesday, September 15, 2026

कुपोषण-आधुनिक चुनौतियाँ एवं समाधान विषय पर सेमिनार एवं व्याख्यान के आयोजन


शिवपुरी-
महाविद्यालय में पोषण माह के उपलक्ष में छात्राओं को संतुलित भोजन एवं पोषण आहार के सही उपयोग के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से दिनांक 15 सितम्बर 2026 को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन. के. जैन की अध्यक्षता  में डॉ. पल्लवी सक्सेना गृह विज्ञान विभाग द्वारा “कुपोषण—आधुनिक चुनौतियाँ एवं समाधान” विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ के रूप में शासकीय के. आर. जी. महाविद्यालय, ग्वालियर की डॉ. रानू सक्सेना को आमंत्रित किया गया।

विषय विशेषज्ञ डॉ. रानू सक्सेना ने अपने विस्तृत व्याख्यान में “कुपोषण—आधुनिक चुनौतियाँ एवं समाधान” विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि कुपोषण केवल भोजन की कमी से उत्पन्न होने वाली समस्या नहीं है, बल्कि असंतुलित आहार, पोषक तत्वों की कमी, गलत खान-पान की आदतें, भोजन की गुणवत्ता एवं जीवनशैली भी इसके प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कुपोषण के विभिन्न रूपों जैसे अल्पपोषण, सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी तथा अधिक वजन एवं मोटापे के बारे में छात्राओं को जानकारी प्रदान की।

उन्होंने विशेष रूप से किशोरियों में पोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए  आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया, कमजोरी एवं थकान जैसी समस्याओं से बचाव के लिए पौष्टिक एवं विविधतापूर्ण आहार लेने पर जोर दिया। एवं पोषण संबंधी सरकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी।

एन.एस. एस. जिला संगठक डॉ. एस. एस. खंडेलवाल ने कुपोषण की रोकथाम के लिए संतुलित आहार, भोजन में विविधता, पोषण संबंधी सही जानकारी, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, नियमित शारीरिक गतिविधि एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को आवश्यक बताया। साथ ही छात्राओं को अपने परिवार एवं समाज में भी पोषण संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. पल्लवी सक्सेना ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ रहने के लिए केवल पौष्टिक आहार लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी अस्वस्थ जीवनशैली में आवश्यक परिवर्तन करना भी जरूरी है। उन्होंने नियमित शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद, स्वच्छता, उचित खान-पान तथा जंक फूड एवं अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के सेवन को सीमित करने पर विशेष जोर दिया।

एन.एस. एस. प्रभारी डॉ. रेनू राय ने  भोजन में स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों, हरी पत्तेदार सब्जियों, दालों, अनाज, दूध एवं दुग्ध उत्पादों, फल, सब्जियों, मेवे एवं बीजों को उचित मात्रा में शामिल करना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है बताते हुए कार्यक्रम में उपस्थित समस्त लोगों का आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम में डॉ एम.एस. राठौर ,डॉ. अनीता कैमोर ,डॉ. एस. एस. मौर्य, डॉ. भारत सिंह जयंंत, डॉ. रजनी चौधरी, ,  डॉ. अजय सिंह, नीलेश चौधरी एवं कृष्णकांत वर्मा  सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को कुपोषण की आधुनिक चुनौतियों, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पोषक तत्वों के सही उपयोग तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी प्राप्त हुई। छात्राओं को कुपोषण की रोकथाम के लिए अपने दैनिक खान-पान एवं जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन करने के लिए प्रेरित किया गया।

समाज के वंचित बच्चों को आगे बढ़ाना ही सच्ची सेवा : विधायक देवेंद्र जैन



सेवा भारती के सुपोषण जागरण अभियान का हुआ समापन

शिवपुरी। सेवा भारती शिवपुरी द्वारा 6 सितंबर से आयोजित किए जा रहे सुपोषण जागरण अभियान का समापन कार्यक्रम मंगलवार को संस्कार पब्लिक स्कूल, शिवपुरी में गरिमामय रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिवपुरी विधायक श्री देवेंद्र जी जैन, मुख्य वक्ता माननीय श्री राजेश जी गोयल, जिला संघचालक, विशिष्ट अतिथि विद्यालय के डायरेक्टर श्री गोपेंद्र जी जैन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर सेवा भारती के अध्यक्ष श्री मुकेश जी जैन ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात सभी अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर मातृशक्ति द्वारा स्वागत किया  अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक श्री देवेंद्र जी जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा भारती द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए अनेक सेवा कार्य किए जा रहे हैं। जनजातीय समाज के बच्चों के लिए छात्रावास का संचालन भी सेवा भारती का महत्वपूर्ण सेवा कार्य है। इसी प्रकार सुपोषण जागरण अभियान समाज में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता लाने की एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि हम सभी मंदिर जाते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं, यह भी एक प्रकार की सेवा है, लेकिन समाज के ऐसे बच्चे जो पिछड़े और वंचित हैं, उनका हाथ पकड़कर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास करना ही सच्ची सेवा है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा भी कुपोषण को दूर करने के लिए अनेक योजनाएं एवं प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में समाज के सभी लोगों को मिलकर इन प्रयासों में सहयोग करना चाहिए तथा समाज परिवर्तन के कार्य में अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।
मुख्य वक्ता श्री राजेश जी गोयल ने भी सुपोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से सेवा एवं जागरूकता के कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सेवा भारती की महिला कार्यकर्ताओं सहित नगर एवं जिला सेवा भारती के अनेक कार्यकर्ता, विद्यालय परिवार तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती विनीता जैन जी द्वारा किया गया इस अवसर पर श्रीमती शर्मिला बंसल श्रीमती कल्पना सोनी श्रीमती साधना खंडेलवाल श्रीमती सुधा मंगल श्रीमती शैली जी विरमानी श्री गोविंद जी बंसल श्री जयंत जी बक्षी श्री शैलेश जी विरमानी प्रमुख रूप से उपस्थित
 रहे।

30 दिन-30 कार्यशालाएं अभियान के तहत एसएफ 18वीं बटालियन चंदनपुरा में 15वीं कार्यशाला सम्पन्न


अल्पविराम लेकर लिखी चि_ी, कागज पर उतरे दिल के जज़्बात तो छलक पड़े आंसू

शिवपुरी। आनंद विभाग जिला शिवपुरी द्वारा सितंबर माह में चलाए जा रहे ‘30 दिन–30 कार्यशालाएं’ अभियान के अंतर्गत आज एसएफ 18वीं बटालियन चंदनपुरा, शिवपुरी में 15वीं अल्पविराम कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रतिभागियों ने अल्पविराम लेकर अपने जीवन, रिश्तों और भावनाओं को समझने का प्रयास किया। 18वीं बटालियन चंदनपुरा शिवपुरी में डीआईजी/सैनानी आलोक कुमार सिंह के समन्वय से एक दिवसीय अल्पविराम परिचय कार्यशाला आयोजित की गई। 

कार्यशाला का सबसे भावुक सत्र ‘पत्र लेखन’ रहा। राजेश पटेल ने प्रतिभागियों से अपने जीवन के उन रिश्तों के लिए पत्र लिखने को कहा, जिनसे वे कुछ कहना चाहते थे, लेकिन किसी कारणवश कह नहीं पाए। कुछ रिश्ते समय के साथ दूर हो गए थे तो कुछ लोग इस दुनिया से चले गए थे। प्रतिभागियों ने अल्पविराम लेकर अपने मन की अनकही बातों को कागज पर उतारा।

जब प्रतिभागियों ने अपने लिखे पत्रों की शेयरिंग की तो पूरा वातावरण भावुक हो गया और कई प्रतिभागियों की आंखों में आंसू छलक पड़े। किसी ने क्षमा मांगी, किसी ने क्षमा करने का भाव व्यक्त किया तो किसी ने अपने जीवन में मिले प्रेम और सहयोग के लिए कृतज्ञता प्रकट की। पत्र लेखन के इस सत्र ने प्रतिभागियों को यह महसूस कराया कि कई बार मन में रह गई अनकही बातें रिश्तों के बीच दूरी का कारण बन जाती हैं और उन्हें व्यक्त करने के लिए जीवन में एक ‘अल्पविराम’ लेना जरूरी है।

इससे पहले प्रीति तिवारी ने ‘रिश्ते’ सत्र के माध्यम से जीवन में रिश्तों के महत्व तथा रिश्तों के मधुर अथवा दूर होने के कारणों पर चर्चा की। अल्पविराम लेकर प्रतिभागियों ने स्वयं के भीतर झांकते हुए अपने रिश्तों का मैप तैयार किया। उन्होंने पहचानने का प्रयास किया कि उनके कौन-कौन से रिश्ते उनसे दूर हो गए हैं और उन्हें पुनः करीब लाने के लिए वे स्वयं क्या कर सकते हैं।

कार्यशाला का शुभारंभ मास्टर ट्रेनर अभय जैन ने प्रार्थना के साथ कराया। मास्टर ट्रेनर साकेत पुरोहित ने आनंद की अवधारणा बताते हुए जीवन में अल्पविराम के महत्व को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि जीवन की भागदौड़ के बीच कुछ समय ठहरकर स्वयं को देखना और समझना सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यशाला में ईएनबी से एम. टोंगपांग ने आइस ब्रेकर गतिविधि के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वयं से कनेक्ट होने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला के समापन सत्र में ब्रजेश सिंह तोमर ने प्रतिभागियों से फीडबैक लिया तथा सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला ने प्रतिभागियों को अपने रिश्तों को नए दृष्टिकोण से देखने तथा जीवन में प्रेम, क्षमा और कृतज्ञता को स्थान देने का संदेश दिया।

शिवपुरी में दिल की आवाज पुस्तक एवं श्रीबलराम आरती का हुआ लोकार्पण


शिवपुरी/पोहरी-
शिक्षा एवं साहित्य को सर्वोपरि रखते हुए साहित्य अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद, मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग, भोपाल के सहयोग से प्रकाशित शिवपुरी जिले के वरिष्ठ कवि एवं अखिल भारतीय साहित्य परिषद के जिला अध्यक्ष धाकड़ श्याम बिहारी सरल द्वारा लिखित दिल की आवाज़ पुस्तक का पूर्व उच्च शिक्षामंत्री राजकुमार पटैल एवं मुख्य अतिथि सांसद दर्शनसिंह चौधरी नर्मदापुरम भोपाल एवं मंचासीन अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा लोकार्पण किया गया। पुस्तक के साथ ही धाकड़ श्याम बिहारी सरल द्वारा लिखी गई भगवान श्रीबलराम जी की आरती का भी विमोचन किया गया। मंच पर लोकार्पित पुस्तक दिल की आवाज़ में अनेकों गीत, कविता तथा क्षणिकाओं का समावेश है। आपस की अनबन तोड़ो, अब राख नहीं अंगार बनो तथा गाड़ी बँगला झूठी शान जैसी अनेकों  रचनाएँ मानवीय झूठी शान-ओ-शौकत को लेकर आईना दिखाती हैं, तो कहीं आपसी रिश्तों को जोड़ती हुई नजऱ आती हैं। नफरत नहीं प्रेम चाहिए, विद्यार्थियों के लिए रुक जाना नहीं तथा भारतीय समाज में व्याप्त दुर्व्यसन के खिलाफ दुर्व्यसनों को करदो दूर... जैसी सशक्त रचनाएँ बुरी आदतों को छोडऩे के लिए मजबूर करती हैं।

'छात्रों की गूंज" के लिए कांग्रेस ने माधव चौक पर लगाई केनोपी, युवाओं से किया संवाद


जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल बोले- युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही भाजपा सरकार, रोजगार और शिक्षा के मुद्दों पर जवाब दे सरकार

शिवपुरी। आगामी 19 सितंबर को इंदौर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित होने वाले 'छात्रों की गूंजÓ कार्यक्रम को लेकर शिवपुरी जिला कांग्रेस द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में माधव चौक पर विशेष केनोपी लगाकर युवाओं से संपर्क किया गया। केनोपी के माध्यम से माधव चौक से गुजरने वाले 14 से 35 वर्ष तक के युवाओं को 'छात्रों की गूंजÓ अभियान से जोडऩे का प्रयास किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवाओं को कार्यक्रम के उद्देश्य और उसमें उनकी भागीदारी के संबंध में जानकारी दी। मौके पर इच्छुक युवाओं का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी कराया गया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने कहा कि आज प्रदेश का युवा शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं की वास्तविक समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने के बजाय केवल दावे और प्रचार तक सीमित है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर चाहिए, बेहतर शिक्षा चाहिए और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता चाहिए, लेकिन इन मुद्दों पर सरकार की ओर से अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष श्री अग्रवाल ने कहा कि 'छात्रों की गूंजÓ युवाओं की आवाज को मजबूती से सामने लाने का एक बड़ा मंच है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में इंदौर में होने वाले इस कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। 

उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे आएं और 19 सितंबर को इंदौर पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें। केनोपी पर 'युवा तैयार है, सिस्टम बेकार हैÓ जैसे संदेशों के माध्यम से युवाओं को अभियान से जोडऩे का प्रयास किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहगीर युवाओं से संवाद कर उन्हें कार्यक्रम की जानकारी दी और ऑनलाइन पंजीयन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह, संगठन महासचिव संजय चतुर्वेदी, सेवादल से सोनू शर्मा, पार्षद संजय गुप्ता 'पप्पूÓ, पूर्व पार्षद पवन शर्मा, विजय चौकसे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

संजय कॉलोनी में लाखों की चोरी के शीघ्र खुलासे की मांग को लेकर अग्रवाल समाज ने सौंपा ज्ञापन


एएसपी ने दिया उचित कार्यवाही का आश्वाशन

शिवपुरी। थाना फिजिकल क्षेत्र अंतर्गत आने वाली संजय कॉलोनी में अग्रवाल समाज के मातादीन अग्रवाल के घर में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए नकदी-सामान की बरामदगी की मांग को लेकर मध्यदेशीय अग्रवाल समाज ने मंगलवार को एकत्रित होकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सुमत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया पूरा घटनाक्रम, एएसपी ने दिया कार्यवाही का भरोसा
ज्ञापन में बताया गया कि श्री मातादीन अग्रवाल चौधरी एवं उनके परिवार के निवास, संजय कॉलोनी, दौलत सिंह होटल के पीछे, फिजिकल थाना क्षेत्र शिवपुरी में 28-29 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश कर लाखों रुपये की नकदी एवं सामान चोरी कर लिया। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी की घटना का पूर्ण खुलासा नहीं होने से पीड़ित परिवार चिंतित है। समाज की ओर से पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने, घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, चोरी गई नकदी एवं सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच कर पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की गई। ज्ञापन का वाचन समाज अध्यक्ष सुमत कुमार गुप्ता ने किया। ज्ञापन सौंपने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति ने अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के भीतर मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञापन में बड़ी संख्या में शामिल हुए समाज बंधु
इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वालो में मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रिंकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनोद गुप्ता, प्रचार मंत्री मनीष गुप्ता, गोपाल चौधरी, गोपाल गुप्ता, समाज के पूर्व अध्यक्ष राकेश गर्ग, ग्राम पंचायत भटनावर सरपंच संजय अवस्थी, पूर्व अध्यक्ष व पार्षद गौरव सिंघल, सुदर्शन प्रधान, संदीप गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष अजीत अग्रवाल, पुरानी शिवपुरी मंडल भाजपा के उपाध्यक्ष रितिक गर्ग 'भटनावर वालेÓ, प्रांशुल अग्रवाल, मोनू अग्रवाल एवं संजय अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

परिवार में रहने की सीख देती है मां जानकी कथा : बालक देवाचार्य जी महाराज


राधाष्टमी महोत्सव में छटवें दिन बताए संस्कार, कर्म और गृहस्थ धर्म के सूत्र, राम-सीता विवाह की झांकी ने मोहा मन

शिवपुरी। श्रीराम जानकी तुलसी आश्रम बड़े हनुमान मंदिर परिसर में 10 से 19 सितंबर तक संगीतमय राधाष्टमी महोत्सव के रूप में मां जानकी कथा का आयोजन किया जा रहा है। महामंडलेश्वर श्री पुरुषोत्तम दास जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित कथा में कथा यजमान श्रीमती अंजलि देवेंद्र शर्मा 'भैया-भैयाÓ परिवार हैं। कथा के छठवें दिन बालक देवाचार्य जी महाराज ने मां जानकी के चरित्र और रामकथा के प्रसंगों के माध्यम से परिवार, संस्कार, कर्म, भाग्य और गृहस्थ जीवन के धर्म पर विस्तार से प्रकाश डाला। 

कथा व्यास ने कहा कि मनुष्य को अपने संस्कारों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। परिवार में कभी किसी बात को लेकर विरोध की स्थिति बने तो घर के बड़े-बुजुर्गों के बार-बार कहने की आवश्यकता न पड़े, बल्कि उनके एक इशारे मात्र से शांत हो जाने की भावना संस्कारों का परिचय है। उन्होंने कहा कि परिवार में प्रेम, सम्मान और एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना ही भारतीय संस्कृति की वास्तविक पहचान है। 




इस अवसर पर धर्मप्रेमीजन पं.अजय शंकर भार्गव, देवकीनंदन पाराशर, चंद्रपाल यादव, डॉ नितेंद्र रघुवंशी, समाजसेवी राजेंद्र गुप्ता सेठ, कपिल गुप्ता (कपिल मोटर्स), लालजी शिवहरे, अवधेश शिवहरे, डॉ. ओम प्रकाश नीखरा, वन कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष दुर्गा ग्वाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। कथा के दौरान लक्ष्मण जी के क्रोध के प्रसंग की व्याख्या करते हुए उन्होंने बताया कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत क्यों न हों, विवेक और संस्कार मनुष्य को संयम रखना सिखाते हैं। उन्होंने गुरु विश्वामित्र के प्रसंग के माध्यम से गुरु की आज्ञा, अनुशासन और मार्गदर्शन के महत्व को भी समझाया।

भाग्य से अधिक कर्म पर जोर
बालक देवाचार्य जी महाराज ने भाग्य और कर्म की चर्चा करते हुए कहा कि मनुष्य को अपने कर्मों से भाग्य का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने मेघों की बरसात का उदाहरण देते हुए समझाया कि जैसे वर्षा सब पर समान रूप से होती है, उसी प्रकार भगवान की कृपा भी सबके लिए समान है, लेकिन मनुष्य अपने कर्मों के माध्यम से अपने जीवन की दिशा निर्धारित करता है। उन्होंने कहा कि गृहस्थ जीवन में रहते हुए संत सेवा, ब्राह्मण सेवा, दान और परोपकार करना मनुष्य का धर्म है। गृहस्थ आश्रम को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने गृहस्थ धर्म का ठीक से निर्वाह नहीं कर पा रहा, वह जीवन में आगे कैसे बड़ा बन पाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में भारतीय संस्कृति और संस्कारों को बनाए रखने तथा परिवार के प्रत्येक सदस्य के प्रति प्रेम और सम्मान का भाव रखने का आह्वान किया।

राम-सीता विवाह की झांकी रही आकर्षण का केंद्र
कथा के अंतिम चरण में श्रीराम विवाह की कथा का संगीतमय वर्णन किया गया। इसके पश्चात भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की गई। राम-सीता की वरमाला का दृश्य श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विवाह प्रसंग के दौरान श्रद्धालु भक्ति और उत्साह में सराबोर नजर आए। विवाह संपन्न होने के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने राम-सीता के स्वरूप का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

Monday, September 14, 2026

छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न


शिवपुरी-
कांग्रेस पार्टी के संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी के 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम के रजिस्ट्रेशन ब तैयारियों को शिवपुरी जिला कांग्रेस कार्यालय पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पूर्व जिला प्रभारी देवेंद्र शर्मा एवं शिवपुरी विधानसभा प्रभारी राजेंद्र नाती के नेतृत्व में संपन्न हुई।

इस अवसर पर पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह, पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा, विजय सिंह चौहान, पिछोर विधानसभा प्रभारी नितेश यादव, पिछोर प्रत्याशी अरविंद लोधी, अरुण प्रताप चौहान, राजकुमार यादव, संजय चतुर्वेदी, दिनेश वशिष्ठ, चंद्रकांत शर्मा सहित जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एन.एस.यू.आई. एवं वरिष्ठ पदाधिकारी व समस्त कांग्रेसजन उपस्थित रहे। बैठक में छात्रों की गूंज कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए  अधिक से अधिक संख्या में युवाओं एवं छात्रों के रजिस्ट्रेशन करने के लिए तथा इंदौर कार्यक्रम में उनकी सक्रिय भागीदारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष पदाधिकारीयो तथा उपस्थित छात्रों से अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करने हेतु रणनीति तैयार की एवं दिशा निर्देश दिए, साथ ही बैठक के दौरान युवा साथियों एवं छात्रों के पंजीयन भी कराए गए तथा अधिक से अधिक युवाओं को छात्रों की गूंज कार्यक्रम से जोडऩे का आह्वान किया गया। मीटिंग में रन्नोद क्षेत्र के मथुरा गांव के विवेक कलावत तथा करैरा विधानसभा से आप पार्टी के प्रत्याशी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

नई पीढ़ी के हिंदी जुड़ाव पर चिंता, मलेसं एवं फाउंडेशन का हिंदी दिवस पर संयुक्त आयोजन संपन्न


हिंदी सेवी लेखक पत्रकार प्रमोद भार्गव का सम्मान

शिवपुरी- देश की विभिन्न बोलियों ने मिलकर हिंदी भाषा को समृद्ध किया है। हिंदी भाषा के विकास में साधु संतों, भक्ति कालीन कवियों और सूफियों का का योगदान भी अतुलनीय है। यह बात मध्य प्रदेश लेखक संघ एवं श्री रामकिशन सिंघल फाउंडेशन द्वारा आयोजित हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर दुर्गा मठ में आयोजित समारोह में अध्यक्षता कर रहे प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ कवि डॉक्टर हरिप्रकाश जैन हरि ने कही। उन्होंने अपने चिकित्सकीय कार्य के दौरान तमिलनाडु में तमिल भाषा सीखने का जिक्र भी किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रमोद भार्गव ने कहा कि हिंदी में शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान एवं तकनीकी का ज्ञान अर्जन किया जा सकता है इसके लिए आत्मबल मजबूत होना चाहिए। 

विशिष्ट अतिथि साहित्यकार विनय प्रकाश जैन नीरव ने कहा भाषा हमारे भीतर जन्म लेती है और हमारे विचारों की अभिव्यक्ति के साथ-साथ हमारे स्तर का भी परिचय देताी है कि हम क्या हैं ,कैसे हैं। इससे पूर्व हिंदी का भविष्य और भविष्य शीर्षक परिचर्चा का आरंभ करते हुए संस्था अध्यक्ष रामकिशन सिंगल डॉ महेंद्र अग्रवाल ने हिंदी भाषा में अन्य भाषाओं के शब्दों की ग्राह्यता एवं तकनीकी शब्दावली के साथ तालमेल की आवश्यकता निरूपित करते हुए नई पीढी के हिंदी जुड़ाव पर चिंता भी व्यक्त की। साहित्यकार अखलाक खान बताया कि हमारे देश में 57 प्रतिशत लोग हिंदी भाषा समझते एवं बोलते हैं तथा यूट्यूब पर तकरीबन 54 प्रतिशत वीडियो हिंदी में देखे जाते हैं जबकि अंग्रेजी में यह संख्या मात्र 16 प्रतिशत है। अत: हिंदी बहु संख्यक की भाषा है।

साहित्यकार पत्रकार प्रमोद भार्गव को किया गया सम्मानित
साहित्यकार पत्रकार एवं पुरातन विज्ञान को आधुनिक स्वरूप में वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर दुनिया के समक्ष रखने वाले लेखक प्रमोद भार्गव को हिंदी दिवस के अवसर पर श्री रामकिशन सिंघल फाउंडेशन एवं मध्य प्रदेश लेखक संघ द्वारा आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि डॉक्टर एच.पी. जैन ,अध्यक्ष डॉ महेंद्र अग्रवाला विनय प्रकाश जैन नीरव एवं राम पंडित ने शाल श्रीफल देकर सम्मानित किया।

कवियों ने किया काव्य पाठ
वरिष्ठ कवि बसंत श्रीवास्तव की सरस सरस्वती वंदना से आरंभ हुई कवि गोष्ठी में जीशान हयात करैरा ने गजल पेश की, अपने पांव का कांटा हमीं से निकलेगा। राधेश्याम सोनी परदेशी, रामकृष्ण मौर्य ने गीत एवं गजलों की प्रस्तुति दी, वहीं अजय जैन अभिराम की कविता की पंक्तियां देखें भविष्य की हिंदी के संग ऊंचा हो भारत का मान, माटी से मंगल तक पहुंचे हिंदी का सम्मान। कवि बसंत श्रीवास्तव ने कहा हिंदी से ही शान है हिंदी है अभिमान, इस दिल में सबके बसे ऐसा हो अभियान। शिक्षिका मृदुल नामदेव के गीत को खूब सराहा गया, संस्कृत हमारी नानी और मां हमारी हिंदी। मृदुला नामदेव ने शिक्षक दिवस पर लिखी गई श्रेष्ठ कविता का पाठ भी किया। रफीक इशरत की गजल को देखें नफरतें खत्म हो रास्ता कोई ऐसा निकले। कभी राम पंडित ने जबरन मंच पर बैठने की चाहत रखने वालों पर व्यंग्य रचना पड़ी। विनय प्रकाश जैन के गीत को खूब सारा गया। कार्यक्रम का सफल संचालन साहित्यकार अखलाक खान ने एवं आभार  डॉक्टर महेंद्र अग्रवाल द्वारा व्यक्त किया गया।

ब्राह्मण समाज का युवक युवती परिचय सम्मेलन भव्यता के साथ हुआ संपन्न



समाज की 26 प्रतिभाशाली बेटियों का हुआ सम्मान

शिवपुरी-तुलसी आश्रम बड़े हनुमान मंदिर पर सकल ब्राह्मण महासमिति व अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा सनातन के तत्वाधान में भव्य विवाह योग्य युवक युवती परिचय सम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम जी के चित्र पर माल्यार्पण  एवं दीप प्रज्वलन व वरिष्ठ विप्र चरण पूजन के साथ हुआ।

सम्मेलन में ग्वालियर चंबल संभाग सहित प्रदेश के अन्य जिलों से आए लगभग 120 युवक एवं 35 युवतियो ने मंच से अपना खुलकर परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान कुछ रिश्ते तय हुए। जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कांत शर्मा एवं संयोजक महावीर मुदगल ने कहा कि ऐसी आयोजनों से समाज में आपसी संबंध मजबूत होते हैं और इच्छा अनुसार अपने बेटा बेटियों के लिए सुयोग्य रिश्ता आसानी से मिल जाता है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास जी महाराज ने कहा कि यह समाज की बेहतर पहल है हर समाज को ऐसे ही आयोजन करने चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ.जयवीर भारद्वाज ने कहा कि इस अवसर पर 325 बायोडाटा की स्मारिका का वितरण भी किया गया एवं पूरक स्मारिका हेतु पंजीयन फार्म प्राप्त किये। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली 26 बेटियों को देवी मां सरस्वती सम्मान से सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम का समापन सहभोज के साथ हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रकाश नारायण शर्मा, हरगोविंद शर्मा, राम प्रकाश शर्मा, कुंज बिहारी पाराशर, बालकृष्ण पुरोहित, विशंभर दयाल दीक्षित, देवेंद्र शर्मा लल्लू भैया-भैया, कैलाश शर्मा, सतीश सरिया, मुकेश गौड़, गोविंदा अवस्थी, एनपी अवस्थी, जयदीप उपाध्याय, श्रीमती शशि पाराशर, शोभा शर्मा, हेमलता मुद्गल, शोभा पुरोहित सहित बड़ी संख्या में विप्र समाज उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन महावीर मुदगल एवं मनिका शर्मा ने संयुक्त रूप से किया व अंत में आभार हरगोविंद शर्मा ने व्यक्त किया।

पहली बार शिवपुरी की तीन बालिका खिलाडिय़ों का 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन


शिवपुरी।
शिवपुरी जिले के बास्केटबॉल खेल जगत के लिए यह गौरव का अवसर है कि पहली बार जिले की तीन बालिका खिलाडिय़ों का एक साथ राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। चयनित खिलाडिय़ों में भूमिजा राजावत (गुरुनानक इंटरनेशनल स्कूल) प्रियांशी रजक (सेंट बेनेडिक्ट्स स्कूल ), एवं सारिका खटीक (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवपुरी) शामिल हैं। तीनों प्रतिभावान खिलाडिय़ों का चयन एसजीएफआई 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 16 से 19 सितंबर 2026 तक सेहडोल (शहडोल), मध्य प्रदेश में आयोजित होगी।

खिलाडिय़ों ने कोच धर्मेन्द्र शिवहरे के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस उपलब्धि पर शिवपुरी जिला बास्केटबॉल संघ ने तीनों खिलाडिय़ों एवं उनके प्रशिक्षक को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर पूर्व खिलाड़ी रजनीश ढींगरा, हरविंदर सिंह भाटिया, संजीव ढींगरा, उत्तम व्यास, अभय प्रताप सिंह एवं अनिल सरीन, ऊदल सिंह गुर्जर, जिला शिवपुरी खेल अधिकारी डॉ. के.के. खरे, चंद्रशेखर बेमटे, जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव एवं अजय बाथम आदि ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शिवपुरी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
जिला बास्केटबॉल संघ के अनुसार, यह पहली बार है जब शिवपुरी से तीन बालिका खिलाडयि़ों का राज्य स्तरीय स्तर पर बास्केटबॉल के लिए चयन हुआ है। तीनों खिलाडिय़ों के चयन से जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाडिय़ों में उत्साह का माहौल है। यह उपलब्धि शिवपुरी में बालिका बास्केटबॉल को नई दिशा देने के साथ-साथ अन्य बालिकाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगी।