---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, September 6, 2026

दक्ष प्रजापति जयंती आज, गांधी पार्क से निकलेगी भव्य शोभायात्रा, माटीकला की आकर्षक झांकियां रहेंगी मुख्य आकर्षण


शामिल होंगे मंत्री और समाज के विधायक,समाज की प्रतिभाएं भी होंगी सम्मानित

शिवपुरी। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राजा दक्ष प्रजापति जयंती के अवसर पर प्रजापति समाज द्वारा शिवपुरी में आज 7 सितंबर सोमवार को महाराज दक्ष की भव्य शोभायात्रा का आयोजन जिला मुख्यालय पर किया गया है। जिसमें शोभा यात्रा के समापन पर गांधी पार्क मानस भवन में प्रजापति समाज की मेधावी छात्र छात्राएं जिन्होंने वर्ष 2026 में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किया हैं उन सभी प्रतिभाओं को मंच से अतिथियों के द्वारा सम्मानित किया जाएगा। प्रतिभा सम्मान और इस भव्य शोभायात्रा को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह है। 

आयोजन में प्रजापति समाज की प्रतिभा एवं स्वतंत्र राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति सहित समाज के उप्र के हमीरपुर से विधायक मनोज प्रजापति, मप्र के रीवा से विधायक नरेंद्र प्रजापति, पूर्व विधायक चंदला राजेश प्रजापति, काशी बाबा ट्रस्ट अध्यक्ष ग्वालियर प्रहलाद प्रजापति एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। शोभायात्रा के मुख्य संयोजक अखिल भारतीय प्रजापति महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हरज्ञान प्रजापति रहेंगे। 

आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, महिलाएं और युवा लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रजापति समाज के समाजसेवी सूरज प्रजापति, अमर सिंह प्रजापति, कल्याण प्रजापति, पवन प्रजापति, कोमलिया प्रजापति, काशीराम प्रजापति, कोमल प्रजापति, गणेश प्रजापति, प्रदीप प्रजापति, सुनील प्रजापति, दाताराम प्रजापति सहित समस्त प्रजापति समाज के सभी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की।

गांधी पार्क से शुरू होगी शोभायात्रा
शोभायात्रा गांधी पार्क से प्रारंभ होकर लक्ष्मीनिवास, एबी रोड, माधव चौक होते हुए गुरुद्वारा की परिक्रमा करेगी और राजेश्वरी रोड से होते हुए अग्रसेन चौक होकर, अस्पताल चौराहे से होकर कोर्ट रोड होकर, गांधी चौक से मिलते हुए न्यू ब्लॉक से पुन: गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा के दौरान समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।

माटीकला की आकर्षक झांकियां रहेंगी मुख्य आकर्षण
शोभायात्रा में प्रजापति समाज की पारंपरिक माटीकला एवं कुम्हार कला से जुड़ी आकर्षक झांकियां विशेष रूप से शामिल की जाएंगी। झांकियों के माध्यम से समाज की समृद्ध परंपरा, कला और संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी।

करैरा के कंजर डेरा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्यवाही


8 हजार किलोग्राम लहान नष्ट, 70 लीटर अवैध शराब जब्त

शिवपुरी-कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के स्पष्ट निर्देशों के तहत जिले भर में अवैध मदिरा के निर्माण, भण्डारण एवं विक्रय के विरुद्ध एक विशेष सघन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी विभाग के समस्त कार्यपालिक बल द्वारा करैरा अंतर्गत बायपास रोड के पास स्थित कंजर बस्ती डेरा क्षेत्र में सघन गश्त कर प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। 

कार्रवाई के दौरान आबकारी बल ने तत्परता दिखाते हुए अवैध एवं कच्ची मदिरा के निर्माण तथा भण्डारण के ठिकानों को मौके पर ही पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। स्थल पर की गई व्यापक छानबीन में शराब बनाने के उद्देश्य से जमा कर रखा गया लगभग 8,000 किलोग्राम लहान जब्त कर नष्ट किया गया। इसके साथ ही मौके से लगभग 70 लीटर तैयार कच्ची हाथ भ_ी मदिरा बरामद कर जब्त की गई। अवैध शराब के निर्माण और संग्रहण के इस कृत्य पर सख्त कदम उठाते हुए, आबकारी विभाग द्वारा आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से, अवैध मदिरा के विरुद्ध यह विशेष अभियान जिले में आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

सेवा भारती ने किया 'सुपोषण भारत अभियान" का शुभारंभ




संतुलित आहार, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

शिवपुरी-सेवा भारती शिवपुरी द्वारा सुपोषण भारत अभियान के अंतर्गत आज विद्यापीठ में अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शिवपुरी डॉ. संजय ऋषिश्वर, विशिष्ट अतिथि विद्यालय प्रबंधक पवन शर्मा तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा भारती जिला उपाध्यक्ष शैलेश विरमानी ने की। 

इस अवसर पर ओम बंसल सहित सेवा भारती एवं विद्यालय परिवार के अनेक कार्यकर्ता एवं शिक्षक बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात सेवा भारती शिवपुरी के विभाग समन्वयक अर्जुन सिंह दांगी द्वारा उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया गया। अतिथियों का स्वागत सेवा भारती छात्रावास के पूर्व छात्र राम कुमार आदिवासी एवं सहायक अधीक्षक अनुज मुद्गल द्वारा किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. संजय ऋषिश्वर ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए हम सभी को अपने आहार को व्यवस्थित एवं संतुलित रूप से लेने की आवश्यकता है। भोजन के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना भी आवश्यक है, जिससे अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारे भोजन में विभिन्न रंगों की मौसमी सब्जियों एवं फलों को शामिल करना चाहिए, ताकि शरीर को आवश्यक विटामिन एवं पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में प्राप्त हो सकें। 

डॉ. ऋषिश्वर ने कहा कि सेवा भारती एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सुपोषण भारत अभियान को व्यापक एवं प्रभावी स्तर पर संचालित करने के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शैलेश विरमानी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सेवा भारती जिला सह सचिव उत्तम सिंह कुशवाहा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य लोकेन्द्र मेवाड़ा, विद्यालय के सह-प्रबंधक जितेन्द्र परसाई, शिक्षक बंधु एवं सेवा भारती के कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सुपोषण भारत अभियान का उद्देश्य समाज में संतुलित आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना है।

बैराड़ में यादव समाज ने धूमधाम से निकाली भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा



विधायक महेंद्र यादव ने सेवानिवृत्त शिक्षकों का शॉल-श्रीफल से किया सम्मान

शिवपुरी/बैराड़। तहसील बैराड़ में यादव समाज द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बड़े उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के दूसरे दिन आयोजित इस शोभायात्रा में समाजजनों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शोभायात्रा का शुभारंभ सिद्ध आश्रम से हुआ। विभिन्न मार्गों से होती हुई शोभायात्रा विराटनगर बैराड़ पहुंची, जहां श्रद्धालुओं और समाजजनों ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ उत्साह और उमंग का प्रदर्शन किया। शोभायात्रा में धार्मिक झांकियां एवं भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े विभिन्न स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे। पूरे मार्ग में वातावरण भक्तिमय नजर आया। अंत में शोभायात्रा पुन: सिद्ध आश्रम पहुंचकर संपन्न हुई।

सेवानिवृत्त शिक्षकों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक महेंद्र यादव ने यादव समाज के सेवानिवृत्त शिक्षकों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने समाज और शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों द्वारा दिए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं और उनका सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित इस भव्य शोभायात्रा को लेकर यादव समाज और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का संदेश दिया।

भाविप शाखा विवेकानंद के संस्कृति सप्ताह में बच्चों को दिया मोबाइल रिपेयरिंग का प्रशिक्षण



शिवपुरी।
समाजसेवी संस्था भारत विकास परिषद शाखा विवेकानंद द्वारा आयोजित संस्कृति सप्ताह के अंतर्गत चतुर्थ दिवस पर बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लक्ष्मी निवास के पास स्थित हरिओम मोबाइल पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को मोबाइल रिपेयरिंग का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ मोबाइल व्यवसाय एवं दुकानदारी के आवश्यक गुण भी सिखाए गए। लगभग दो माह से संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बच्चों ने मोबाइल रिपेयरिंग की बारीकियां सीखीं। 

प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात सभी बच्चे अब अपनी-अपनी मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान शुरू करने के लिए तैयार हैं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को हुनर प्रदान कर उन्हें रोजगार के लिए सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन संस्कृति सप्ताह के चतुर्थ दिवस पर किया गया। संयोग से आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व भी है। परिषद के सदस्यों का मानना है कि बच्चों को हुनर देकर उनके जीवन में आत्मनिर्भरता का मार्ग खोलने से बेहतर इस शुभ कार्य के लिए कोई दिन नहीं हो सकता। इस अवसर पर श्रीमती गरिमा जैन, श्रीमती सोनम जैन, श्रीमती रानू बंसल, श्रीमती रजनी गुप्ता, श्रीमती अंकित जैन, श्रीमती राधिका मंगल एवं श्रीमती रानी गोयल की गरिमामयी उपस्थिति एवं सहयोग रहा।

दून जूनियर स्कूल की प्राचार्य सीमा अरोड़ा बेस्ट एजुकेटर सम्मान से सम्मानित



इनरव्हील क्लब संस्था ने शिक्षक दिवस मनाते हुए उत्कृष्ट शिक्षकों का किया सम्मान

शिवपुरी-शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और सराहनीय योगदान के लिए इनर व्हील क्लब द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर शहर के पांच उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस गौरवमयी सूची में दून जूनियर स्कूल की प्राचार्या श्रीमती सीमा अरोड़ा का नाम भी शामिल है, जिन्हें बेस्ट एजुकेटर के सम्मान से नवाजा गया है। इसी वर्ष शुरू हुए दून जूनियर स्कूल ने अपने प्रथम वर्ष में ही बेहतरीन संचालन, उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और विशिष्ट गतिविधियों के बल पर शिवपुरी शहर में एक अलग और विशिष्ट पहचान बनाई है।

इस अल्प समय में मिली बड़ी उपलब्धि का श्रेय प्राचार्या सीमा अरोड़ा के कुशल नेतृत्व को जाता है। अपनी इस उपलब्धि पर श्रीमती सीमा अरोड़ा ने कहा, यह सम्मान मेरे अकेले का नहीं, बल्कि दून स्कूल के संचालक मंडल और मेरे समस्त समर्पित स्टाफ के निरंतर सहयोग का परिणाम है। मैं आप सभी के मार्गदर्शन और साथ के लिए हृदय से धन्यवाद व्यक्त करती हूँ। इस अवसर पर शिवपुरी जिले के वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षाविदों और अभिभावकों ने प्राचार्या सीमा अरोड़ा को ढेरों बधाइयां व शुभकामनाएं दीं।

इनर व्हील क्लब की सराहनीय पहल
इनर व्हील क्लब हमेशा से ही समाज हित के कार्यों और शिक्षा के क्षेत्र में अलख जगाने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने में अग्रणी रहा है। हर वर्ष शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर क्लब न केवल उनका मान बढ़ाता है, बल्कि समाज में शिक्षा के महत्व को भी सुदृढ़ करता है।

बांकड़े हनुमान मंदिर पर हुई कृष्ण की बाल लालीऐं और हुई गोवर्धन पूजा






बारिश के बीच भी कथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

शिवपुरी। शहर के झांसी रोड़ स्थित बांकड़े हनुमान मंदिर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी बाल लीलाओं के साथ गोवर्धन पूजा का उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचे और भक्ति रस में सराबोर नजर आए। कथा यजमान श्रीमती आशा-हरिशंकर अग्रवाल ठेइया परिवार हैं। परिवार की ओर से हरिशंकर, रवि शंकर, मुकेश एवं अशोक अग्रवाल सहित मुख्य संयोजक अजीत अग्रवाल ठेइया कथा आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे रहे।

व्यासपीठ से भागवत कथा आचार्य डॉ. गिरीश जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान की बाल लीलाएं केवल मनोरंजन का विषय नहीं, बल्कि इनमें जीवन को प्रेम, सरलता, करुणा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा छिपी हुई है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण करने से मनुष्य के भीतर भक्ति और सकारात्मक भाव का संचार होता है। इस दौरान आचार्य श्री ने श्रीकृष्ण बाल-लीलाओं के साथ गोवर्धन पूजा के प्रसंग का भी वर्णन श्रवण कराते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को प्रकृति और गोवर्धन पर्वत के महत्व का संदेश दिया। उन्होंने समझाया कि मनुष्य को प्रकृति के प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए और पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों का सम्मान करना चाहिए।

भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुली पर धारण करने का प्रसंग सुनाते हुए आचार्य श्री ने कहा कि जब भक्त सच्चे मन से भगवान की शरण में आता है, तो भगवान स्वयं उसकी रक्षा का दायित्व अपने ऊपर ले लेते हैं। बाहर बारिश का दौर जारी रहने के बावजूद धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दी। इस अवसर पर अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष विष्णु गुप्ता (पिपरघार वाले), रामजीलाल बंसल, निर्मल गुप्ता, पार्षद गौरव सिंघल, घनश्याम गुप्ता (तिघरी वाले), विकास गोयल पूर्व महामंत्री अग्रवाल समाज, राजू गोयल, पूर्व पार्षद गणेश गुप्ता, सुनील गर्ग मामू सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी जन मौजूद रहे। कथा के दौरान भक्ति गीतों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

शूटिंग अकादमी में दिखी शिवपुरी की नन्हीं प्रतिभाओं की प्रतिभा




मुख्य अतिथि भूपेंद्र सिंह रावत ने बढ़ाया खिलाडिय़ों का उत्साह

शिवपुरी। श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर स्थित शूटिंग अकादमी में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता में शिवपुरी के नवांकुर खिलाडयि़ों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में नन्हें निशानेबाजों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपने सटीक निशानों से उपस्थित लोगों को प्रभावित  किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भूपेंद्र सिंह रावत, अध्यक्ष लघु उद्योग भारती शिवपुरी एवं पटेल एंड संस, पड़ोरा, उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छोटी उम्र में बच्चों में खेलों के प्रति यह लगन और अनुशासन उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाडयि़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमंत ओझा, जिला खेल अधिकारी डॉ के.के.खरे एवं हॉकी कोच वकार रोहिला, हनी जाट सहित शूटिंग कोच याकूब सर भी मौजूद रहे। 

इस सभी ने खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाया और खेलों में निरंतर अभ्यास एवं अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान मप्र शासन की पूर्व खेल मंत्री श्रीमंत यशोधरा राजे सिंधिया के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया, जिनकी दूरदर्शी सोच से शिवपुरी को मिली खेल सुविधाएं नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को आगे बढऩे का अवसर प्रदान कर रही हैं। उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसी खेल अधोसंरचना बच्चों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करा रही है। आयोजकों एवं अतिथियों ने सभी प्रतिभाशाली खिलाडयि़ों, उनके कोचों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कलेक्टर ने की गरीबों का राशन हड़पने वालों पर सख्त कार्यवाही, 16 लाख की वसूली के साथ एफआईआर और जेल


प्रशासनिक संवेदनशीलता, कलेक्टर श्री वर्मा की पहल पर बारिश के बीच घर-घर पहुंचा राशन

शिवपुरी-कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशों के परिपालन में कोलारस अनुभाग में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़, पारदर्शी एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से व्यापक कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट किया है कि पात्र हितग्राहियों तक खाद्यान्न की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर पाई जाने वाली अनियमितता पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के कड़े निर्देशों के तहत शासकीय उचित मूल्य दुकान उन्हाई के विक्रेता गोपाल जाटव पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई है। विक्रेता द्वारा ग्रामीणों को राशन वितरण न किए जाने तथा स्थल पर भौतिक सत्यापन के दौरान दुकान पर खाद्यान्न उपलब्ध न पाए जाने को गंभीरता से लिया गया है। इसके परिणामस्वरूप, क्षेत्र में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत संबंधित विक्रेता के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशों के क्रम में कोलारस अनुभाग अंतर्गत सार्वजनिक वितरण प्रणाली में दर्ज अनियमितताओं के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषी पूर्व विक्रेताओं एवं प्रबंधकों से 16,00,000/- से अधिक की राशि की वसूली के आदेश जारी किए गए हैं। इसके तहत शासकीय उचित मूल्य दुकान लेवा के पूर्व विक्रेता राजकुमार शर्मा एवं पूर्व प्रबंधक हार्दिक गुप्ता से 4,41,300/-, कार्या दुकान के पूर्व प्रबंधक सुआ लाल रावत, विक्रेता भगवान जाटव एवं सहायक विक्रेता अजय परिहार से 5,00,725/, रिन्हाय दुकान के विक्रेता सोनू जाटव, सहायक भारत यादव एवं प्रबंधक हेतराम जाटव से 3,37,035/- तथा अटरूनी दुकान के विक्रेता चित्रांश ओझा से 3,20,407/- की वसूली के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त लेवा एवं कार्या दुकान के संबंधित  विक्रेताओं व प्रबंधकों के विरुद्ध गंभीर अनियमितता पाए जाने पर तेंदुआ थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई जा चुकी है।

कलेक्टर की पहल पर बारिश के बीच घर-घर पहुंचा राशन
कलेक्टर अर्पित वर्मा की मंशा के अनुरूप जहां एक ओर अनियमितता करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर अंतिम व्यक्ति तक खाद्यान्न पहुंचाना प्राथमिकता में शामिल है। इसी संवेदनशीलता का उदाहरण ग्राम मोहरा (तहसील कोलारस) में देखने को मिला, जहां अत्यधिक वर्षा के कारण हितग्राही राशन दुकान तक पहुंचने में असमर्थ थे। कलेक्टर श्री वर्मा के जन-सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देशों का पालन करते हुए विक्रेता विवेक वैरागी एवं उनकी टीम ने पीओएस मशीन और राशन सामग्री के साथ ग्रामीणों के द्वार-द्वार पहुंचकर खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित किया।  

Friday, September 4, 2026

पार्षदों की सुनवाई नहीं, सीएमओ की कार्यप्रणाली पर भड़का आक्रोश


नगर पालिका में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का आरोप, मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी उठे सवाल; जिला प्रशासन तक मामला ले जाने की तैयारी

शिवपुरी। नगर पालिका शिवपुरी में इन दिनों सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। शहर की समस्याओं और वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर पार्षदों की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। पार्षदों ने नगर पालिका सीएमओ यशवंत राठौर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया है कि उनकी समस्याओं और मांगों को अपेक्षित गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

“जनता हमें जवाब मांगती है, लेकिन नपा में हमारी ही सुनवाई नहीं”

पार्षदों का कहना है कि वे अपने-अपने वार्डों की जनता की समस्याओं को लेकर नगर पालिका प्रशासन के समक्ष लगातार मुद्दे उठाते हैं। सड़क, नाली, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में पार्षदों को जनता के बीच जवाब देना पड़ता है, लेकिन नगर पालिका स्तर पर समस्याओं के निराकरण में अपेक्षित तत्परता दिखाई नहीं दे रही। पार्षदों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि जब जनता अपनी समस्या लेकर उनके पास आती है तो वे उसे लेकर नगर पालिका पहुंचते हैं, लेकिन यदि प्रशासनिक स्तर पर ही सुनवाई नहीं होगी तो वे जनता को क्या जवाब देंगे?

सीएमओ की कार्यप्रणाली को बताया हठधर्मिता

नगर पालिका के कुछ पार्षदों ने सीएमओ की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे हठधर्मिता वाला रवैया करार दिया है। उनका कहना है कि नगर पालिका एक निर्वाचित परिषद है और पार्षद जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं। ऐसे में उनके द्वारा उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। पार्षदों का आरोप है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच जिस प्रकार का समन्वय होना चाहिए, वह वर्तमान में नजर नहीं आ रहा है।

शहर की मूलभूत सुविधाओं पर भी सवाल

सीएमओ के अब तक के कार्यकाल को लेकर भी पार्षदों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शहर में कई स्थानों पर नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। वार्डों की समस्याएं लंबे समय से सामने आती रही हैं, लेकिन उनका स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। इधर, आम नागरिकों में भी नगर की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी की स्थिति बताई जा रही है। ऐसे में पार्षदों का आक्रोश अब नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

दो बार निलंबन झेल चुके हैं सीएमओ राठौर

पार्षदों की नाराजगी के बीच सीएमओ यशवंत राठौर का पूर्व प्रशासनिक रिकॉर्ड भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि राठौर पूर्व में दो बार निलंबन की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। ऐसे में शिवपुरी नगर पालिका में उनकी कार्यप्रणाली को लेकर पार्षदों द्वारा उठाए जा रहे सवालों ने मामले को और चर्चा में ला दिया है।

अब जिला प्रशासन तक पहुंचेगा मामला

पार्षदों का कहना है कि यदि नगर पालिका स्तर पर उनकी समस्याओं और मांगों की सुनवाई नहीं होती है तो वे चुप नहीं बैठेंगे। शीघ्र ही जिला प्रशासन एवं नगरीय निकाय के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा। पार्षद अपने अधिकारों और वार्डों की समस्याओं को लेकर पत्राचार करने की तैयारी में हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में नगर पालिका की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर मामला और गरमाने के आसार हैं।

अब देखना यह होगा कि पार्षदों की इस नाराजगी पर जिला प्रशासन और नगरीय निकाय के वरिष्ठ अधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं और नगर पालिका में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

राशन आवंटन में हेराफेरी पर कलेक्टर का सख्त रुख,अनियमितता एवं लापरवाही पर निलंबन और विभागीय जांच की चेतावनी


राशन आवंटन में हेराफेरी पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी

शिवपुरी-सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण में अनियमितता और पदीय कर्तव्यों में लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन द्वारा सख्त रुख अपनाया गया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अनुविभाग पिछोर (तत्कालीन कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अनुविभाग कोलारस) गौरव कदम को शासकीय ऑनलाइन राशन पोर्टल पर गंभीर अनियमितता एवं राशन गबन के मामलों में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जारी कारण बताओ नोटिस के तहत कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी गौरव कदम की कोलारस अनुविभाग में पदस्थापना अवधि (मार्च 2025 से नवंबर 2025) के दौरान शासकीय ऑनलाइन राशन पोर्टल पर गंभीर अनियमितता की शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा ऑनलाइन पोर्टल पर पूर्व अवधि का अतिरिक्त आवंटन (अतिरिक्त राशन) दिखाकर उसे बैक डेट तरीके से घटाया या हटाया गया। इस कागजी हेराफेरी के माध्यम से शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर 27 से 85 क्विंटल तक अतिरिक्त खाद्यान्न अवैध रूप से हटाया गया। जांच में ग्राम वरखेड़ाखुर्द, चितार, मकरारा एवं एजवारा की राशन दुकानों में खाद्यान्न की हेराफेरी किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। 

साथ ही अनुविभाग पिछोर में स्थानांतरण होने के उपरांत  भी खाद्यान्न व्यवस्था की सही तरीके से निगरानी और पर्यवेक्षण न करने के कारण खाद्यान्न व्यवस्था प्रभावित हुई है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने इस कृत्य को म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 03 का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए निर्देशित किया है कि वे अपना स्पष्टीकरण 09 सितंबर 2026 को समक्ष में उपस्थित होकर प्रस्तुत करें। निर्धारित तिथि तक संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में म.प्र. सिविल (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 14 के तहत निलंबन एवं विभागीय जांच की कार्रवाई की चेतावनी दी है।

30 दिन, 30 कार्यशालाएं अभियान के तहत ठहराव से खुशहाली की ओर बढ़ता शिवपुरी


30 दिन, 30 कार्यशालाएं अभियान के तहत ए.एन.एम. सेंटर में हुई चौथी 'अल्पविरामÓ कार्यशाला

शिवपुरी। राज्य आनंद संस्थान, जिला शिवपुरी द्वारा चलाए जा रहे 30 दिन, 30 कार्यशालाएं अभियान के तहत 4 सितंबर 2026 को ए.एन.एम. सेंटर, शिवपुरी में चौथी एक दिवसीय 'अल्पविरामÓ परिचय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को जीवन की भागदौड़ के बीच कुछ पल ठहरकर स्वयं को समझने, अपने रिश्तों को बेहतर बनाने तथा शांति, सकारात्मकता और आनंद की ओर बढऩे के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यशाला की शुरुआत प्रार्थना से हुई। प्रथम सत्र में जिला संपर्क व्यक्ति अभय कुमार जैन ने प्रतिभागियों को स्वयं के जीवन में आनंद को पहचानने तथा उसके बढऩे और घटने के कारणों को समझने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद सुश्री प्रीति तिवारी ने 'मेरे रिश्तेÓ सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों से संवाद किया। 'झगड़े क्यों होते हैं?Ó विषय पर नाटक के माध्यम से रिश्तों के महत्व तथा जीवन में रिश्तों के दूर होने और पुन: बेहतर होने के कारणों को समझाया गया। प्रतिभागियों ने अल्पविराम के माध्यम से अपने रिश्तों के मैप को साझा किया और अपने संबंधों पर आत्मचिंतन किया। अगले सत्र में मास्टर ट्रेनर साकेत कुमार पुरोहित ने चार प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने जीवन की 'लाइफ बैलेंस शीटÓ तैयार कराई। इस दौरान क्षमा, धन्यवाद जैसे भावों पर अल्पविराम देकर स्वयं से जुडऩे और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया। 

इसके पश्चात मास्टर ट्रेनर प्रमोद रावत ने प्रतिभागियों से कार्यशाला का फीडबैक लिया। प्रतिभागियों ने साझा किया कि अल्पविराम के माध्यम से उन्हें अपने विचारों, भावनाओं और रिश्तों को नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर मिला। गरिमा दुवे एवं सुषमा कन्नौजी ने अपने जीवन में अल्पविराम से आए सकारात्मक परिवर्तनों के अनुभव भी साझा किए। कार्यशाला का समापन सामूहिक गीत के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने अल्पविराम को स्वयं से जुडऩे, जीवन को समझने और उसे अधिक आनंदमय बनाने की सार्थक प्रक्रिया बताया। 30 दिन, 30 कार्यशालाएं अभियान के माध्यम से जिला शिवपुरी में लगातार विभिन्न संस्थानों तक ठहरने, समझने, जुडऩे और खुश रहने का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पिछोर में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव


शिवपुरी/पिछोर
- जिले के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पिछोर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। भैया-बहनों की भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित मनमोहक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक प्रीतम लोधी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं भगवान श्रीकृष्ण के पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में अतिथि परिचय विद्यालय के प्राचार्य राजेश सक्सेना द्वारा कराया गया। इसके पश्चात व्यवस्थापक जी एवं समिति परिवार द्वारा मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की रूपरेखा व्यवस्थापक द्वारा प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात भैया-बहनों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण के स्वरूप तथा श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनमोहक झांकियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती सुनीता गुप्ता दीदी द्वारा प्रभावी एवं रोचक ढंग से किया गया। उनके कुशल संचालन ने पूरे कार्यक्रम को क्रमबद्ध एवं आकर्षक बनाए रखा। मुख्य अतिथि विधायक प्रीतम लोधी ने अपने संबोधन में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। 

उन्होंने भैया-बहनों की सुंदर प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश सक्सेना जी द्वारा आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने मुख्य अतिथि, समिति परिवार, आचार्य-दीदी, भैया-बहनों एवं उपस्थित सभी अभिभावकों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। सम्पूर्ण विद्यालय परिसर जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ श्रीकृष्ण जी की आरती के साथ जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य समापन हुआ।

श्रीमद्भागवत कथा में गूंजे नंद के घर आनंद भयो के जयकारे



बांकड़े हनुमान मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव पर भक्तिमय हुआ वातावरण, श्रद्धालु झूम उठे

शिवपुरी। शहर से करीब 10 किमी दूर स्थित बांकड़े हनुमान मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कृष्ण जन्म प्रसंग का भावपूर्ण आयोजन किया गया। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जैसे ही कथावाचक बांकडे हनुमान मंदिर महंत डॉ गिरीश जी महाराज के द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा का वर्णन किया, पूरा कथा पंडाल भगवान कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।

इस दौरान कृष्ण जन्म प्रसंग के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव में सराबोर नजर आए। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कथा स्थल पर नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की जैसे जयकारों के साथ भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। श्रीमद्भागवत कथा की कथा यजमान श्रीमती आशा हरिशंकर अग्रवाल (ठेइया) हैं। आयोजन में उनके परिजन हरिशंकर अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल एवं अशोक अग्रवाल सहित मुख्य संयोजक अजीत अग्रवाल (ठेइया) द्वारा व्यवस्थाओं को संभाला जा रहा है।

कथा के दौरान मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष विष्णु गुप्ता (पिपरघार वाले), रामजीलाल बंसल, निर्मल गुप्ता, पार्षद गौरव सिंघल, घनश्याम गुप्ता (तिगरी वाले), अग्रवाल समाज के पूर्व महामंत्री विकास गोयल, समाजसेवी राजू गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।कथा आयोजक परिवार ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 1 सितंबर से 8 सितंबर तक किया जा रहा है। कथा के आगामी प्रसंगों में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं सहित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की सहभागिता बनी हुई है और पूरा वातावरण भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आ रहा है।

संस्कृति सप्ताह के द्वितीय दिवस पर बाल गृह के बच्चों के साथ मनाया स्नेह एवं आनंद का दिन


शिवपुरी
- भारत विकास परिषद शाखा विवेकानंद शिवपुरी द्वारा आयोजित संस्कृति सप्ताह के द्वितीय दिवस पर शाखा की महिला सदस्यों ने सेवा, स्नेह और संस्कार की सुंदर मिसाल प्रस्तुत करते हुए बाल गृह के बच्चों के साथ आनंदमय समय बिताया। शाखा की महिला सदस्यों अल्पा सांखला, राधिका मंगल, प्रियंका अग्रवाल, नूपुर गुप्ता, जूली सोनी, अरुणिमा अग्रवाल, शिवानी अग्रवाल, गरिमा जैन, रानू बंसल, स्वाति गर्ग एवं रानी गोयल ने बाल गृह के बच्चों को पटेल पार्क ले जाकर उनके साथ विभिन्न स्पोर्ट्स गेम्स खेले। बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और आत्मीयता के साथ पिकनिक मनाई।

इस अवसर पर बच्चों के लिए फुटबॉल, क्रिकेट किट एवं अन्य खेल सामग्री वितरित की गई। साथ ही बच्चों के लिए घर से विशेष रूप से मैगी, फ्राइड इडली एवं अन्य स्वादिष्ट खाद्य सामग्री बनाकर लाई गई, जिससे बच्चों के साथ मिलकर पिकनिक का आनंद लिया गया। जूली सोनी, प्रियंका अग्रवाल एवं नूपुर गुप्ता द्वारा बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। अरुणिमा अग्रवाल, शिवानी अग्रवाल, सोनम जैन, राधिका मंगल एवं गरिमा जैन की ओर से खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। 

वहीं अल्पा सांखला की ओर से खेल किट के साथ-साथ खाद्य सामग्री भी वितरित की गई। महिला सदस्यों ने कहा कि बच्चों के साथ कुछ पल बिताना, उनके साथ खेलना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस सेवा कार्य की सबसे बड़ी खुशी है। कार्यक्रम में सेवा के साथ-साथ स्नेह, संस्कार और सामाजिक समरसता का भाव दिखाई दिया। भारत विकास परिषद के संस्कृति सप्ताह के माध्यम से समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का यह प्रयास सभी के लिए प्रेरणादायी रहा।

अपना घर आश्रम में उत्साह और उमंग के साथ मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव


प्रभुजियों ने सजाया आश्रम, भजनों पर किया नृत्य, उत्साह से फोड़ी मटकी

शिवपुरी। अपना घर आश्रम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह, उमंग और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे आश्रम को आकर्षक रूप से सजाया गया और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। आश्रम में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में प्रभुजियों ने बड़े उत्साह के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान प्रभुजियों ने भगवान श्रीकृष्ण के कृष्णमय भजनों पर जमकर नृत्य किया और भक्तिभाव में सराबोर नजर आए। मटकी फोड़ कार्यक्रम ने जन्माष्टमी के उत्सव में विशेष रंग भर दिया। आश्रम परिसर में मौजूद सभी लोगों ने प्रभुजियों का उत्साह बढ़ाया और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। जन्माष्टमी के इस आयोजन का उद्देश्य आश्रम में निवासरत प्रभुजियों के बीच पर्व की खुशियां साझा करना और उन्हें अपनत्व एवं आनंद का वातावरण उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रभुजियों के चेहरों पर दिखाई दी खुशी ने पूरे आयोजन को भावपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर अपना घर आश्रम के अध्यक्ष रमेशचंद अग्रवाल, सचिव राजेंद्र गुप्ता, ब्रजेश कुमार मंगल, विजय कुमार गोयल (सेवानिवृत्त सीएमओ), आनंद स्वरूप बिंदल, अनिल कुमार जैन, समाजसेवी लालजी शिवहरे, राम नारायण गुप्ता, राम सनेही शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे

नदी-नाले उफान के बाद बिलौआ-छर्च मार्ग हुआ बंद,दोनों ओर आबागमन रोका


पोहरी अनुभाग में भारी बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर,जनपद सीईओ ऑफिसर सिंह ने जलभराब स्थलों का किया निरीक्षण

शिवपुरी/पोहरी- पोहरी अनुभाग बीते गुरुवार से हो रही लगातार भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए है जिसके चलते कई स्थानो पर आवागमन बंद हो गया है। भारी बारिश के चलते प्रशासन अलर्ट मोड़ पर है और लगातार जलभराव स्थलों का निरीक्षण कर आमजन को जान-जोखिम में डाल रपटा-पुलिया पार न करने की समझाइस दी जा रही है। लगातार हो रही बारिश के चलते शुक्रवार शाम 4 बजे तक जनपद सीईओ ऑफिसर सिंह गुर्जर ने विभिन्न जलभराव स्थलों पिपरघार,झिरी,दुल्हारा,भटनावर, बिलौआ तिराहा सहित अन्य का निरीक्षण किया ओर आमजन को उफान के दौरान रपटा-पुलिया न पार करने की समझाइस दी गई। बही जनपद सीईओ ऑफिसर सिंह गुर्जर ने कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया जिसमे 7 कर्मचारियो को 24 घण्टे अलर्ट मो? पर रखा गया है। बता दे कि भारी बारिश के चलते बिलौआ-छर्च मार्ग बंद हो गया है और साथ ही प्रसाशन ने भी आमजन से अपील की है कि बारिश के दौरान जोखिम भरा सफर न करे।

बारिश से जल भराव को लेकर विधायक देवेंद्र जैन ने लिया जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा


अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश

शिवपुरी। जिले में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति निर्मित हो गई है। आमजन को हो रही परेशानियों को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र जैन ने नगर पालिका अधिकारियों की टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का धरातलीय निरीक्षण किया और राहत कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष पुरानी शिवपुरी गिर्राज शर्मा भी निरीक्षण में शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान विधायक देवेंद्र जैन ने नगर पालिका अमले को सख्त निर्देश दिए कि प्रभावित इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त की जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण किसी भी नागरिक को असुविधा न हो, इसके लिए नपा अधिकारी और कर्मचारी मैदान में डटे रहें। प्रभावित परिवारों को हर संभव आवश्यक सहायता तुरंत उपलब्ध कराने और जलभराव वाले क्षेत्रों पर 24 घंटे लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। विधायक ने स्पष्ट किया कि जल निकासी में आ रही रुकावटों को तुरंत दूर किया जाए ताकि निचले इलाकों में जमा पानी जल्द से जल्द निकल सके। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के प्रशासनिक अधिकारियों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

लगातार हो रही बारिश से नमो नगर बना तालाब, दो दिन की बारिश में कॉलोनी में घुसा पानी,


बरसाना कॉलोनी के आसपास भी अन्य कॉलोनी में हाल बेहाल, नाली नहीं होने से कॉलोनी में सैलाब

शिवपुरी। शहर में दो दिन से जारी बारिश के बाद नमो नगर और बरसाना कॉलोनी के पास स्थित अन्य कॉलोनियां तालाब बन गई हैं। नमो  नगर में मुख्य सड़क से लेकर घरों के अंदर तक पानी भर गया है, जिससे रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार नमो नगर की मुख्य सड़क के दोनों ओर नाली नहीं होने से बारिश का पानी सीधे कॉलोनी में घुस जाता है। खेतों से आने वाले पानी की निकासी का भी कोई प्रबंध नहीं है। स्थिति यह है कि बच्चों और बुजुर्गों को घुटनों तक भरे पानी से होकर निकलना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि हर साल बारिश में यही हालात बनते हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। यदि सड़क किनारे पक्की नालियों का निर्माण कर खेतों के पानी के लिए अलग से निकासी की व्यवस्था कर दी जाए तो इस समस्या से निजात मिल सकती है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मौके का निरीक्षण कर पानी निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को जलभराव से राहत मिल सके।

Thursday, September 3, 2026

बगवासा खुर्द में जनसमस्या निवारण शिविर : जनपद संघ अध्यक्ष अरविंद वर्मा दुल्हारा सहित प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद


जनपद संघ अध्यक्ष बोले-पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का शत प्रतिशत मिले लाभ

शिवपुरी/पोहरी- कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार पोहरी जनपद पंचायत अंतर्गत आने बाले ग्राम पंचायत बीलवराकला के ग्राम  बगवासाखुर्द में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत गत दिवस जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मुख्यरूप से जनपद संघ अध्यक्ष व जनपद सदस्य एडव्होकेट अरविंद सिंह दुल्हारा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)जेपी गुप्ता, तहसीलदार कल्पना शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पोहरी ऑफिसर सिंह गुर्जर, परियोजना अधिकारी नीरज सिंह गुर्जर, खण्ड पंचायत अधिकारी राकेश सिंह रघुवंशी, एपीओ विकास गोयल, विकासखण्ड प्रवंधक आजीविका मिशन अभिषेक सक्सेना, ग्राम पंचायत सरपंच मोहरसिंह वर्मा-सचिव रघुवीर वर्मा, रोजगार सहायक सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर में पीएम आवास, पीएम किसान, आधारकार्ड, शौचालय, खाधान्न, नामान्तरण, बंटवारा सहित अन्य कुल 52 आवेदन प्राप्त हुए जिसमे से 22 आवेदनों का शिविर के दौरान ही मौके पर निराकरण किया गया, वही अन्य शेष आवेदनों का निराकरण सम्वन्धित अन्य विभाग के अधिकारियो द्वारा सात दिवस के भीतर ही किया जाएगा। जन समस्या निवारण शिविर के दौरान जनपद संघ अध्यक्ष व जनपद सदस्य अरविंद वर्मा दुल्हारा ने कहा कि शासन के द्वारा संचालित समस्त जनहितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार हो साथ ही प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओ का शत प्रतिशत लाभ मिले। शिविर के माध्यम से भी प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का निराकरण हो। 

राशन वितरण में गड़बड़ी करने वाले जाएंगे जेल, प्रत्येक उचित मूल्य दुकान की होगी सघन निगरानी : कलेक्टर अर्पित वर्मा


राशन वितरण में अनियमितता पर सख्त कार्यवाही, 6 विक्रेताओं पर की वैधानिक कार्यवाही, भेजे गए जेल

शिवपुरी- कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा राशन वितरण व्यवस्था को सुगम और पारदर्शी बनाने और प्रत्येक पात्र हितग्राही को खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं तथा उनके द्वारा स्वयं इसकी निरंतर निगरानी भी की जा रही है। इसी क्रम में राशन वितरण में अनियमितता कर कानून-व्यवस्था भंग की स्थिति निर्मित करने वाले 6 राशन विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें सीधे जेल भेज दिया गया है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं मैदान में जाकर एक-एक उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण करें और जहाँ भी राशन वितरण में कमी पाई जाए, वहाँ त्वरित जाँच की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों के हक का राशन हड़पने वालों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें सीधे जेल भेजा जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, कोलारस एसडीएम शिवदयाल धाकड़, खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी तुलेश्वर कुर्रे, सहकारिता विभाग के अधिकारी तथा तहसीलदार कोलारस उपस्थित रहे।
समीक्षा में सामने आई अनियमितता, विक्रेताओं को जेल भेजने की कार्रवाई
कलेक्टर अर्पित वर्मा द्वारा कोलारस एसडीएम कार्यालय में राशन वितरण की केंद्रवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान शासकीय उचित मूल्य दुकान बामोरखुर्द एवं श्रीपुरा में गंभीर गड़बड़ी उजागर हुई। जाँच में पाया गया कि दुकानों की पीओएस मशीन में राशन का इंद्राज दर्ज था, किंतु भौतिक सत्यापन के दौरान खाद्यान्न उपलब्ध नहीं मिला और न ही हितग्राहियों को इसका वितरण किया गया था। इस अनियमितता के कारण ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त हुआ, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था भंग होने की स्थिति निर्मित हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने तत्काल कड़ा रुख अपनाया और उनके निर्देशों पर बामोरखुर्द के विक्रेता माधौ सिंह यादव एवं श्रीपुरा के विक्रेता धनपाल सिंह के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनों को सीधे जेल भेज दिया गया। इसके साथ ही शासकीय उचित मूल्य की दुकान अकोदा तहसील रन्नौद में भी राशन वितरण में अनियमितता पाए जाने पर विक्रेता गोलू लोधी के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। एसडीएम पिछोर द्वारा 3 अन्य राशन विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। इनमें शा. उचित मूल्य दुकान निवोदा के विक्रेता पुष्पेंद्र, शा. उचित मूल्य दुकान सिनावलकलां के विक्रेता भगवानलाल तथा शा. उचित मूल्य दुकान बघावारा  विक्रेता सतेंद्र शामिल हैं।

श्रीराम भक्त परिवार द्वारा तू ना संभाले तो हमें कौन सभांले भजन संध्या आज


शिवपुरी-
विगत 29 वर्षों से श्रीराम भक्त परिवार लगातार हर शनिवार को नि:शुल्क सुंदरकांड पाठ करता आ रहा है, साथ ही साथ 23 वर्षों से श्री कृष्ण प्रकटोत्सव का कार्यक्रम श्री चिंताहरण दरबार पर आयोजित करता चला आ रहा है। इसी क्रम में 23वें श्री कृष्ण प्रकटोत्सव/ वार्षिकोत्सव में 4 सितंबर शुक्रवार को सर्वप्रथम श्री अखंड रामचरितमानस  पाठ प्रात: 8:30 बजे से प्रारम्भ होगा। इसी क्रम में भजन संध्या का आयोजन सांय 7:30 बजे से है और भजनों से आनंदित कराने वाले श्री सत्येंद्र पांडे जी (सतना) को आमंत्रित किया गया है। शीर्षक भजन तू ना संभाले तो हमें कौन संभाले है, रात ठीक 12:00 बजे प्रभु जन्म, पूजन,आरती,बधाई से वातावरण आनंद से झूम उठेगा। दूसरे दिन 5 सितंबर शनिवार को प्रात: 08:30 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ और वार्षिकोत्सव का समापन हवन शांति पूर्णाहुति दोपहर 12:30 बजे से होगी। अंत में भंडारा प्रसादी वितरण दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल श्री चिंताहरण मंदिर, छत्री रोड़ पर रहेगा। अत: श्री राम भक्त परिवार शिवपुरी की ओर से सभी धर्म प्रेमियों से निवेदन है कि प्रकटोत्सव के इस भव्य आयोजन में अपने इष्ट मित्रों के साथ परिवार सहित वातावरण को आनंदित करने अवश्य पधारें।

बांकड़े हनुमान मंदिर पर उमड़ रहे श्रद्धालु, डॉ. गिरीश जी महाराज सुना रहे भागवत ज्ञानामृत





भागवत कथा में गूंजा भक्ति और सदाचार का संदेश

शिवपुरी। बांकड़े हनुमान मंदिर परिसर में इन दिनों संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में जारी है। कथा में कथावाचक डॉ. गिरीश जी महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों का आध्यात्मिक एवं ज्ञानवर्धक वर्णन किया जा रहा है। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंच रहे हैं।
कथा के दौरान डॉ. गिरीश जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा प्रदान करने वाला दिव्य ग्रंथ है। भगवान की भक्ति के साथ-साथ सत्य, सेवा, करुणा, संस्कार और सदाचार को जीवन में अपनाना ही भागवत कथा का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को भौतिक सुख-सुविधाओं के साथ अपने आध्यात्मिक जीवन को भी समृद्ध करना चाहिए। सत्संग और प्रभु के नाम का स्मरण मनुष्य के मन को शांति प्रदान करता है तथा उसे सद्मार्ग पर आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा में बताए गए ज्ञान और संस्कारों को केवल सुनने तक सीमित न रखते हुए अपने व्यवहार और परिवार के जीवन में उतारने का आह्वान किया। महाराज श्री ने कहा कि परिवार में धार्मिक एवं संस्कारयुक्त वातावरण बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कथा यजमान श्रीमती आशा-हरिशंकर अग्रवाल ठेइया परिवार हैं। कथा प्रारंभ होने से पूर्व यजमान परिवार के हरिशंकर अग्रवाल, अशोक अग्रवाल एवं मुकेश अग्रवाल तथा मुख्य संयोजक अजीत अग्रवाल ठेइया द्वारा सामूहिक रूप से पूजन-अर्चन किया जाता है। कथा विश्राम के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया जा रहा है। कथा में मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष विष्णु गुप्ता (पिपरघार वाले), रामजीलाल बंसल, निर्मल गुप्ता, पार्षद गौरव सिंघल, घनश्याम गुप्ता (तिगरी वाले), विकास गोयल, राजू गोयल सहित नगर के अन्य गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में धर्मप्रेजना शामिल हुए। श्रीमद्भागवत कथा 1 सितंबर से 8 सितंबर तक बांकड़े हनुमान मंदिर परिसर में जारी रहेगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और भगवान की भक्ति के साथ जीवन में सदाचार, सेवा एवं संस्कारों को अपनाने का आग्रह किया है।

ग्वाल समाज सकल पंच ने किया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा का भव्य स्वागत







राजेश्वरी रोड पर पुष्पवर्षा कर सर्व यादव समाज के समाजबंधुओं का किया अभिनंदन

शिवपुरी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सर्व यादव समाज द्वारा निकाली गई भव्य एवं विशाल शोभायात्रा का ग्वाल समाज सकल पंच शिवपुरी द्वारा राजेश्वरी रोड पर पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ शोभायात्रा में शामिल समाजबंधुओं का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर शोभायात्रा में शामिल हुए राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त अपेक्स बैंक अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, अमित यादव, भारतीय किसान संघ के संभागीय अध्यक्ष कल्याण सिंह यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष यादव महासभा उपेंद्र यादव आदि का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
स्वागत समारोह ग्वाल समाज सकल पंच शिवपुरी के संरक्षक एवं वरिष्ठ समाजजनों के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित हुआ। इसमें ठकुरपुरा से महाते प्रेम पड़रिया, चौधरी श्रवण लाल, दीवान धनीराम कछवाए, नत्था पड़रिया, रामसिंह भगतजी एवं लालजू दीवान, घोसीपुरा से हुकुमचंद पड़रिया महाते, नारायण गुजेले दीवान, गोपाल हिन्वार, चतुर्भुज हिन्वार एवं मदन मोरिया तथा लुधावली से परसादी दीवान, बृजेश रियार चौधरी, खुमान चंदेल, किशन लाल मोहनियां, रामप्रसाद मोहनिया, फूलचंद थम्मार एवं रामचरण चंदेल का विशेष मार्गदर्शन रहा। वहीं संस्था अध्यक्ष राजू यादव (ग्वाल), सीताराम वानिए, भूपेंद्र दीवान, प्रभात पड़रिया, महेंद्र दीवान, दिलीप चंदेल, रवि कछवाए (ग्वाल) सहित युवा समिति अध्यक्ष लाल पड़रिया, विष्णु दीवान एवं बड़ी संख्या में ग्वाल समाज के समाजबंधुओं ने उपस्थित रहकर शोभायात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर ग्वाल समाज के पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया। स्वागत के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण नजर आया। इस दौरान समाजजनों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव प्रेम, भाईचारे, सामाजिक एकता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न समाजों द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया जाना शिवपुरी की सामाजिक एकता एवं सद्भाव की सुंदर मिसाल है।

सर्व यादव समाज द्वारा निकाली गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा का घनश्याम गुप्ता (तिघरी वाले)परिवार एवं मित्र मंडल ने किया भव्य स्वागत


राजेश्वरी रोड पर पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त अपेक्स बैंक अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव सहित समाज के वरिष्ठजनों का हुआ सम्मान

शिवपुरी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सर्व यादव समाज द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा का घनश्याम गुप्ता (तिघरी वाले) परिवार एवं मित्र मंडल द्वारा राजेश्वरी रोड पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं का अभिनंदन किया गया।
स्वागत कार्यक्रम के संयोजक एवं मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता ने शोभायात्रा में शामिल राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त एवं अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव का माल्यार्पण कर आत्मीयता के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष एवं पार्षद गौरव सिंघल, गणेश गुप्ता, पूर्व महमंत्री अग्रवाल समाज विकास गोयल सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्वागत समारोह के दौरान शोभायात्रा में शामिल भारतीय किसान संघ के संभागीय अध्यक्ष कल्याण सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव एवं अमित यादव सहित यादव समाज के अन्य वरिष्ठजनों का भी माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर घनश्याम गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, कर्म, प्रेम, समरसता और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी जैसे पर्व समाज में आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश देते हैं। शोभायात्रा के स्वागत के दौरान पूरा वातावरण कृष्ण भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।

रिमझिम बारिश के बीच निकली सर्व यादव समाज की श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा, राज्यमंत्री दर्जा महेन्द्र सिंह हुए शामिल









कान्हा के जयकारों से गूंजा शहर, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत, आकर्षक झांकियों, डीजे और बैंड ने मोहा मन

शिवपुरी। रिमझिम बारिश की फुहारों और भगवान श्रीकृष्ण के गगनभेदी जयकारों के बीच सर्व यादव समाज द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में शहर में भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई। गांधी पार्क मैदान से प्रारंभ हुई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में यादव समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं वरिष्ठजन शामिल हुए। बारिश के बावजूद समाजजनों का उत्साह कम नहीं हुआ और पूरे यात्रा मार्ग पर जय श्रीकृष्ण और राधे-कृष्ण के जयकारे गूंजते रहे। समारोह में राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त एवं अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, अमित यादव, भारतीय किसान संघ के संभागीय अध्यक्ष कल्याण सिंह यादव सहित यादव समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में समाजबंधु शोभायात्रा में शामिल हुए।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा
शोभायात्रा स्थानीय गांधी पार्क मैदान से प्रारंभ होकर गांधी कॉलोनी होते हुए एबी रोड स्थित नवग्रह मंदिर पहुंची। यहां से कमलागंज, माधव चौक चौराहा की परिक्रमा करते हुए गांधी चौक, कोर्ट रोड, अस्पताल चौराहा, अग्रसेन चौक और तात्याटोपे प्रतिमा के सामने से राजेश्वरी रोड पहुंची। इसके बाद गुरुद्वारा, पुरानी शिवपुरी, नीलगर चौराहा एवं कालीमाता मंदिर के आगे से होते हुए शोभायात्रा श्री राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत, जगह-जगह दिखा सामाजिक सद्भाव
शोभायात्रा के पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल नजर आया। विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं, नगर के व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वागत मंच लगाकर पुष्पवर्षा की और शोभायात्रा में शामिल समाजजनों का अभिनंदन किया। विभिन्न समाजों द्वारा किए गए स्वागत ने सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
आकर्षक झांकियों ने मोहा मन, डीजे-बैंड की धुनों पर झूमे श्रद्धालु
शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और जन्माष्टमी पर्व पर आधारित आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। डीजे और बैंड पर बजते धार्मिक एवं भक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियों के दर्शन के लिए यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। रिमझिम बारिश के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह पुष्पवर्षा, भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति संगीत के बीच निकली शोभायात्रा ने शहर में जन्माष्टमी के उल्लास को और बढ़ा दिया। शोभायात्रा का समापन श्री राधा-कृष्ण मंदिर पर हुआ, जहां भगवान श्रीकृष्ण को भोग अर्पित करने के पश्चात सभी यदुजनों एवं श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। समाजजनों ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की और प्रसादी ग्रहण की।