---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, November 3, 2026

34 वर्षों के विश्वास के साथ विजयवर्गीय फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स के नए शोरूम का हुआ भव्य शुभारंभ





महामंडलेश्वर श्री नीलमणि दास जी महाराज ने किया उद्घाटन, विधायक देवेंद्र जैन सहित गणमान्यजन रहे मौजूद, 34 साल–34 उपहार और मेगा डिस्काउंट ऑफर्स बने आकर्षण

शिवपुरी। शहर के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान विजयवर्गीय फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स के नवीन एवं भव्य शोरूम का शुभारंभ मंगलवार 3 नवंबर को हंस बिल्डिंग चौराहा, न्यू ब्लॉक स्थित प्रतिष्ठान परिसर में भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। प्रतिष्ठान के 34 वर्षों के गौरवशाली सफर और ग्राहकों के अटूट विश्वास को समर्पित इस नए शोरूम का शुभारंभ महामंडलेश्वर श्रीधाम वृंदावन श्री नीलमणि दास जी महाराज के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर महाराज श्री के विदेश से पधारे अनुयायी भी विशेष रूप से शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम श्री ठाकुर जी के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पूर्व महामंडलेश्वर श्री नीलमणि दास जी महाराज के प्रतिष्ठान पर आगमन पर विजयवर्गीय फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स के संरक्षक एवं सेवानिवृत्त शिक्षक हरिशंकर विजयवर्गीय तथा शोरूम संचालक आशीष विजयवर्गीय एवं अभिषेक विजयवर्गीय ने आत्मीय स्वागत एवं अगवानी की। इसके पश्चात विशाल लाल वस्त्र से ढंके नवीन शोरूम का भव्य रूप से शुभारंभ किया गया। शुभारंभ के साथ ही उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रतिष्ठान परिवार को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, पूर्व विधायक गणेश गौतम सहित शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं व्यवसायिक जगत से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवीन शोरूम का अवलोकन किया और प्रतिष्ठान की 34 वर्षों की व्यावसायिक यात्रा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

नवीन शोरूम में गोदरेज इंटेरियो के ऑथराइज्ड शोरूम की विभिन्न आकर्षक वैरायटी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यहां फर्नीचर की आधुनिक डिजाइन एवं विभिन्न रेंज को देखकर ग्राहकों ने विशेष रुचि दिखाई। गोदरेज के उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन और उपलब्ध वैरायटी ने उपस्थित ग्राहकों का ध्यान आकर्षित किया। शोरूम में फर्नीचर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स की विस्तृत रेंज के साथ ग्राहकों को बेहतर खरीदारी अनुभव उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

उल्लेखनीय है कि विजयवर्गीय फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स पिछले 34 वर्षों से शिवपुरी के ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादों एवं विश्वसनीय सेवाओं के माध्यम से अपनी पहचान बनाए हुए है। इसी उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए प्रतिष्ठान द्वारा नए शोरूम के शुभारंभ पर ग्राहकों के लिए विशेष मेगा डिस्काउंट की व्यवस्था की गई है। साथ ही '34 साल–34 उपहार' की थीम पर बंपर लकी ड्रॉ का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र है। दीपावली के अवसर पर विशेष दिवाली लॉन्च ऑफर्स के माध्यम से ग्राहकों को खरीदारी के विशेष अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में विजयवर्गीय फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक आशीष विजयवर्गीय ने समारोह में पधारे महामंडलेश्वर श्री नीलमणि दास जी महाराज, विदेश से आए उनके अनुयायियों, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों का 34 वर्षों से मिल रहा विश्वास और स्नेह ही प्रतिष्ठान की सबसे बड़ी पूंजी है तथा भविष्य में भी बेहतर उत्पादों एवं सेवाओं के माध्यम से इस विश्वास को बनाए रखने का प्रयास जारी रहेगा।

खोड़ जनसुनवाई शिविर : कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सुनी आमजन की समस्याएं, मौके पर किया त्वरित निराकरण



बी.पी.एल., आहार अनुदान, आधार कार्ड और नामांतरण प्रकरणों का मौके पर हुआ समाधान

शिवपुरी-आमजन की समस्याओं का उनके ही स्थानीय क्षेत्र में सुलभ और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर अर्पित वर्मा की विशेष पहल पर मंगलवार को तहसील पिछोर के खोड़ उपतहसील कार्यालय में एक वृहद जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन का मुख्य ध्येय ग्रामीण अंचल के नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है, ताकि दूर-दराज से आने वाले आम नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी शिकायतों और कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े। इस कैंप के दौरान राजस्व, नामांतरण, बिजली, पानी, कब्जा, अतिक्रमण, राशन, बीपीएल कार्ड, पेंशन, सहकारिता एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर अर्पित वर्मा द्वारा एक-एक आवेदन गंभीरता ओर संवेदनशीलता के साथ सुना गया जिसमें कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। साथ ही शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान नबाब सिंह, दिनेश कुमार गेडा, केरन सिंह लोधी, मंडल अध्यक्ष सहदेव लोधी, अभिषेक बरसैंया,राज नारायण रूसीय, विजय भार्गव, उत्तम निखरा आदि सहित समस्त विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

पात्र हितग्राहियों के तत्काल जुड़े बीपीएल सूची में नाम
जनसुनवाई के दौरान उपतहसील कार्यालय में कई स्थानीय नागरिकों ने बीपीएल सूची में नाम जोड़े जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्र पाए गए हितग्राहियों-खोड़ निवासी कोमल प्रसाद और ग्राम शेरगढ़ निवासी रामदेवी प्रजापति और चंदावनी की लीला आदिवासी के नाम तत्काल बीपीएल सूची में जोड़े गए। लीला आदिवासी का नाम न केवल बीपीएल सूची में जोड़ा गया बल्कि इस शिविर के माध्यम से तत्काल आहार अनुदान योजना में भी नाम शामिल किया गया है।

जुड़वां बेटियों के आधार कार्ड की समस्या का हुआ तत्काल समाधान
शिविर में एक अन्य संवेदनशील मामले का त्वरित समाधान देखने को मिला। लंबे समय से अपनी जुड़वां बेटियों (रिद्धि और सिद्धि लोधी) के आधार कार्ड बनवाने में आ रही समस्याओं से परेशान एक पिता अपनी फरियाद लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मामले पर तत्काल संज्ञान लिया। ई गवर्नेंस मैनेजर को तत्काल आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। जाँच के दौरान बड़ी बेटी रिद्धि लोधी का आधार कार्ड पूर्व से बना हुआ पाया गया, जिसे तुरंत प्रिंट करवाकर सौंपा गया। वहीं, छोटी बेटी सिद्धि लोधी के नए आधार कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी कराई गई। इस तत्परता से आवेदक पिता ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।  

Monday, November 2, 2026

तरुण सेन को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के शासन योजना प्रचार-प्रसार जिला सह-प्रभारी बनाया


शिवपुरी।
भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा में तरूण सेन को शासन योजना प्रचार-प्रसार जिला सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही समर्थकों, शुभचिंतकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। तरुण सेन को जिम्मेदारी मिलने पर इष्ट मित्रों, शुभचिंतकों एवं कार्यकर्ताओं ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे संगठन को मजबूत बनाने के साथ पार्टी की नीतियों और शासन की योजना को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस नियुक्ति पर उन्हें उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गई।

पुलिस विभाग में सेवा प्रदान कर कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त, एसपी ने दी भावभीनी विदाई


शिवपुरी-
पुलिस विभाग में सेवा प्रदान करने के बाद सेवानिवृत्त हुए सउनि दशरथ सिंह, सउनि बीरेन्द्र कुमार शर्मा एवं सउनि आनंद कुमार ओझा को उनके सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुये पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के द्वारा प्रमाण पत्र, शॉल-श्रीफल और पुष्प गुच्छ भेंट कर विदाई दी।

पुलिस विभाग मे सेवा देने के बाद 31.10.2026 को सेवानिवृत होने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के द्वारा पुलिस कण्ट्रोल रुम शिवपुरी मे सेवानिवृत होने बाले पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के परिजनों के साथ विदाई कार्यक्रम आयोजित कर विदाई दी गयी। सउनि दशरथ सिंह, सउनि बीरेन्द्र कुमार शर्मा एवं सउनि आनंद कुमार ओझा के सेवानिवृत्त होने पर पुलिस कण्ट्रोल रुम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के द्वारा सेवानिवृत हुये पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को उनके सेवाकाल के दौरान अनुभवों को साझा किया तथा अग्रिम भविष्य की शुभकामनाएं देकर उनको प्रमाण पत्र, सॉल, श्रीफल और पुष्प गुच्छ भेंट कर विदाई दी गयी। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक अनिल कबरेती, सूबेदार स्टेनो आशीष पटरिया, सूबेदार भानु प्रताप, अन्य पुलिस स्टाफ एवं सेवानिवृत्त होने बलों के परिजन उपस्थित रहे।

त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में प्रतिष्ठानों से लिए 44 खाद्य पदार्थों के नमूने


कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशानुसार खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए तेज किया निरीक्षण और जांच अभियान

शिवपुरी-आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरों पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत जिले में निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों के नमूना लेने की कार्रवाई लगातार जारी है।

उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि गत 08 अक्टूबर से 01 नवम्बर 2026 की अवधि के दौरान जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के कुल 44 नमूने संकलित किए गए हैं। जिसमें कामथेन सिक्योरिटी सर्विसेज, शिवपुरी से खुला रिफाइंड सोयाबीन तेल, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, पोहा, तुअर दाल एवं मूंग दाल छिलका, खान केक पॉइंट, सिलारपुर करैरा से मिक्स केक एवं स्किम्ड मिल्क पाउडर, शर्मा मिष्ठान भंडार शिवपुरी से खुला मावा पेड़ा, मां गायत्री स्व-सहायता समूह सेसई से खुला दलिया, लूज कड़ी एवं बने हुए चावल, श्रीराम ऑयल इंडस्ट्रीज शिवपुरी से पवन श्री सरसों तेल (200 मि.ली. एवं 500 मि.ली.), सिंघल स्वीट्स, कोर्ट रोड शिवपुरी से लूज जलेबी, बूंदी के लड्डू, लूज गुजिया एवं मावा-खोपरा बर्फी, शुभम नमकीन शिवपुरी से बारीक नमकीन सेव, लॉन्ग सेव नमकीन एवं हींग मिक्स नमकीन, ए.के. स्वीट्स एंड चाट पोहरी से श्री जी बेकिंग पाउडर, काला नमक एवं फूड कलर, मालम महिला मिल्क प्रोड्यूसर, करैरा से मिक्स्ड मिल्क के नमूने लिए गए। राज्य खाद्य प्रयोगशाला से विश्लेषण प्रतिवेदन प्राप्त होने के पश्चात अधिनियम के अंतर्गत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

चलित खाद्य प्रयोगशाला
इस विशेष अभियान के दौरान चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला ने भी जिले के करैरा, शिवपुरी, नरवर तथा बदरवास क्षेत्रों का सघन भ्रमण किया। चलित खाद्य प्रयोगशाला द्वारा मौके पर ही विभिन्न खाद्य पदार्थों के 100 नमूनों का परीक्षण किया गया। इसके माध्यम से ग्रामीणों को खाद्य पदार्थों में मिलावट के संबंध में जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही जिले के अंतर्गत 08 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से आम नागरिकों को खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जागरूक किया गया।

राष्ट्रीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का महाकुंभ 12 से, तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित



देश के 28 राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों व शैक्षणिक बोर्ड सहित 40 टीमों के 2000 खिलाड़ी होंगे शामिल

शिवपुरी। खेल प्रतियोगिताओं  के क्रम में शिवपुरी जिले को एक और बड़ी उपलब्धि मिलने जा रही है। शिवपुरी की धरा पर 12 नवंबर से एथलेटिक्स की राष्ट्रीय प्रतियोगिता का पहली बार आयोजन होने जा रहा है। जिसमें देश के 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों सहित विभिन्न शैक्षणिक बोर्ड को मिलाकर करीब 40 टीमें इस प्रतियोगिता में शामिल होने जा रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर कलेक्ट्रेट में सोमवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 70वीं राष्ट्रीय शालेय एथलेटिक्स 17 वर्ष बालक वर्ग की प्रतियोगिता 12 नबंबर से 16 नबंबर तक जबकि 17 वर्षीय बालिका वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिता 19 नबंबर से 23 नबंबर तक आयोजित होगी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी  चंद्रशेखर बेमटे ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर  दिनेश चंद्र शुक्ला ने की। बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं, खिलाडयि़ों के आवास, भोजन, परिवहन, खेल मैदान, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए गए।जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने  तैयारियों को लेकर बिंदुबार चर्चा की। 

जिला क्रीड़ा अधिकारी  बेमटे ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाडयि़ों एवं दलों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि शिवपुरी में राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का सफल एवं गरिमामय आयोजन किया जा सके। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कौशल किशोर गौतम, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय विवेक श्रीवास्तव, खाद्य अधिकारी, बीआरसीसी बदरवास अंगद सिंह तोमर, प्राचार्य एनके जैन,प्राचार्य कन्या शिक्षा परिसर एसपी भार्गव, अजय बाथम, नूर मोहम्मद, सुधीर मिश्रा , सदाशिव भार्गव, राघवेंद्र प्रताप रघुवंशी, अभिषेक श्रीवास्तव, इंदरजीत पाल, मनोज गुप्ता,महेन्द्र उपाध्याय, हेमंत जाटव, दीपक मांझी, ऐश्वर्य, शाहरुख खान, सौरभ रहोरा, गोलू लोधी, हेमंत झा, संस्कार मिश्रा,प्रयाग नारायण भार्गव सहित समितियों के सदस्य मौजूद रहे।

कन्या महाविद्यालय में भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम को लेकर जिला कांग्रेस ने जताई आपत्ति, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन


कॉलेज में राजनीतिक गतिविधियों के आयोजन को बताया नियम विरुद्ध, भविष्य में कार्यक्रम आयोजित नहीं कराने की मांग

शिवपुरी। शासकीय स्वर्गीय इंदिरा गांधी कन्या महाविद्यालय, शिवपुरी में भारतीय जनता पार्टी द्वारा राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने आपत्ति दर्ज कराई है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहित अग्रवाल के निर्देशन में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य एन.के. जैन को ज्ञापन सौंपकर शासकीय शैक्षणिक संस्थान में राजनीतिक गतिविधियों के आयोजन पर विरोध जताया।

      जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि महाविद्यालय परिसर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के जिलाध्यक्ष, विधायक एवं अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं को भी शामिल किया गया, जो शासकीय शैक्षणिक संस्थान के परिसर का राजनीतिक उपयोग किए जाने का मामला है। यहां ज्ञापन में कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि शासकीय शिक्षण संस्थान शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के केंद्र हैं। ऐसे संस्थानों का उपयोग राजनीतिक गतिविधियों के लिए किया जाना उचित नहीं है।

 उन्होंने प्राचार्य से आग्रह किया कि भविष्य में महाविद्यालय परिसर में किसी भी राजनीतिक गतिविधि का आयोजन नहीं कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की गतिविधियां दोबारा होती हैं तो जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विरोध प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष श्रीमती शशि शर्मा, जिला निर्वाचन प्रभारी दिनेश वशिष्ठ, कल्याण सिंह वर्मा, योगेश करारे, मनोज जैन एवं ललित सेन सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर शिवपुरी को भी सूचनार्थ एवं आगामी कार्रवाई हेतु प्रेषित की है।

एकल विद्यालय एवं हैप्पी डेज स्कूल के एनएसएस विद्यार्थियों ने आदिवासी बस्ती में मनाई दीपावली



बच्चों को बांटे गर्म कपड़े, मिठाई और फल, सेवा और संस्कार के साथ बच्चों को शिक्षा से जोडऩे का दिया संदेश

शिवपुरी। दीपावली के पावन पर्व पर सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकार की भावना के साथ विनायक आश्रम के पीछे स्थित आदिवासी बस्ती में एक विशेष सेवा एवं वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एकल विद्यालय के आचार्यों एवं सदस्यों के साथ एकल विद्यापीठ और हैप्पी डेज स्कूल की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से सहभागिता करते हुए आदिवासी बच्चों को गर्म कपड़े, मिठाई, फल, बिस्किट एवं पटाखों का वितरण किया तथा उनके साथ खुशियां साझा कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं एकल विद्यालय के सदस्यों ने बच्चों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर एकल विद्यालय की विशेषताओं, उसकी कार्यप्रणाली और इतिहास के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने, एकल विद्यालय से जुडऩे और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया। एकल विद्यालय की संयोजक श्रीमती मजेजी अपने आचार्यों एवं समस्त सदस्यों के साथ बस्ती में पहुंचीं और बच्चों के बीच सेवा सामग्री का वितरण किया। वहीं हैप्पीडेज स्कूल के राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। 

इस आयोजन का उद्देश्य आदिवासी बस्ती के बच्चों के चेहरों पर दीपावली की खुशियां लाने के साथ उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहयोग एवं अपनत्व पहुंचाने में निहित है।

ग्वाल समाज सकल पंच की सामाजिक बैठक ललितपुर में आयोजित, आगामी 11 फरवरी 2027 बसंत पंचमी को होगा आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन





सात वर्ष बाद ललितपुर छावनी में होगा समाज का सामूहिक विवाह आयोजन, सर्वसम्मति से 21 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित 

शिवपुरी। ग्वाल समाज की सामाजिक एकता, संगठनात्मक समन्वय एवं पुरातन पंचायती परंपराओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ललितपुर के गोकुलम आश्रम में ग्वाल समाज सकल पंच की सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिवपुरी, सागर, बीना, मुंगावली, झांसी एवं ललितपुर सहित समाज की विभिन्न छावनियों से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता की। बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 11 फरवरी 2027, बसंत पंचमी के अवसर पर ललितपुर छावनी में आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने पर सहमति बनी।

बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए ग्वाल समाज सकल पंच शिवपुरी के अध्यक्ष राजू यादव ग्वाल ने बताया कि ग्वाल समाज अपनी पुरातन परंपराओं और सामाजिक पंचायती व्यवस्था को आज भी महत्व देता है। समाज की सभी बारह छावनियों में सकल पंच की व्यवस्था सामाजिक एकता और समन्वय का आधार है। इसी संगठनात्मक शक्ति और सभी छावनियों के सहयोग से सात वर्ष बाद एक बार फिर ललितपुर छावनी में आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

अभी 21 जोड़ो का विवाह करने का लक्ष्य किया तय, अधिक होने पर पंजीयन तिथि की अंतिम दिवस के पूर्व भी जोड़ हों सकेंगे शामिल

इस दौरान बताया गया कि इस विवाह सम्मेलन में प्रारंभिक रूप से 21 विवाह योग्य जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी समाजबंधुओं से आग्रह किया जाएगा कि वे अधिक से अधिक विवाह योग्य जोड़ों का पंजीयन कराएं तथा सपरिवार सम्मेलन में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं। निर्धारित लक्ष्य के अतिरिक्त भी यदि अन्य जोड़ों के आवेदन प्राप्त होते हैं तो पंजीयन की अंतिम तिथि से पूर्व उन्हें भी शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

नवदंपतियों को गृहस्थी की आवश्यक सामग्री की जाएगी भेंट 

सामूहिक विवाह सम्मेलन में नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए दुपहिया वाहन, टीवी, फ्रिज, सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री प्रदान करने की योजना बनाई गई है। सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए शीघ्र ही विस्तृत सामग्री तैयार कर सभी छावनियों के समाजबंधुओं तक पहुंचाई जाएगी तथा उन्हें आयोजन में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

सभी छावनियों के प्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का आश्वासन 

बैठक में ललितपुर छावनी से महाते लक्ष्मी नारायण एवं पूर्व पार्षद संजय सुरा, शिवपुरी से प्रेम पड़रिया महाते, खुमान चंदेल, भूपेंद्र दीवान, युवा अध्यक्ष लाल पड़रिया एवं पत्रकार राजू यादव ग्वाल, बीना से भूपत हिन्वार, महेंद्र वानिये एवं टार्जन हिन्वार, सागर से दीना लम्बरदार, मोतीलाल स्वामी, हीरा पड़रिया, सूबेदार शिव प्रसाद, दिलीप दीवान, पुरुषोत्तम रियार, शंकर पहलवान एवं राजकुमार कच्छवाए, गोपाल फौजी, झांसी से शेर सिंह रियार (चौधरी), अशोक हिन्वार, जितेंद्र चंदेल, मुन्ना रियार एवं विजय, मुंगावली से नेतराम महाते एवं बंटी सहित विभिन्न छावनियों के अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का आश्वासन दिया। अंत में ललितपुर छावनी के महाते लक्ष्मी नारायण एवं संजय सुरा ने सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।

हर तीन-चार माह में आयोजित होंगी सामाजिक पंचायतें 

बैठक में सामाजिक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया। तय किया गया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन के बाद प्रत्येक तीन से चार माह के अंतराल पर अलग-अलग स्थानों पर सामाजिक बैठकें एवं पंचायतें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में समाज के विकास, सामाजिक सुधार, आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विषयों पर समाजबंधु अपने विचार एवं सुझाव साझा करेंगे। इस पहल को समाज की एकजुटता और भविष्य की योजनाओं को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना गया।

विजयवर्गीय फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स के नए भव्य शोरूम का शुभारंभ आज, 34 वर्षों के विश्वास के साथ नई शुरुआत




ग्राहकों को मिलेगा मेगा डिस्काउंट, 34 साल: 34 उपहार के साथ बंपर लकी ड्रॉ का आकर्षण

शिवपुरी। शहर के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान विजयवर्गीय फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स द्वारा अपने नए एवं भव्य शोरूम का शुभारंभ आज 3 नवंबर 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे किया जाएगा। हंस बिल्डिंग चौराहा, न्यू ब्लॉक, शिवपुरी स्थित इस नए शोरूम का शुभारंभ प्रतिष्ठान की 34 वर्षों की विश्वसनीयता एवं ग्राहकों के अटूट विश्वास के साथ एक नई शुरुआत के रूप में होगा।

विजयवर्गीय फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक आशीष व अभिषेक विजयवर्गीय ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में विजयवर्गीय फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स पिछले 34 वर्षों से ग्राहकों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है। इसी गौरवशाली सफर को यादगार बनाने के लिए शुभारंभ अवसर 03 नवम्बर को विजयवर्गीय फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स प्रतिष्ठान द्वारा ग्रैंड इनॉगरेशन के अवसर पर विशेष ऑफर्स एवं आकर्षक उपहारों की सौगात दी ग्राहकों को दी जा रही है। शुभारंभ अवसर पर ग्राहकों के लिए प्रत्येक खरीदारी पर मेगा डिस्काउंट की विशेष व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही 34 साल, 34 उपहार की थीम पर बंपर लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें ग्राहकों को आकर्षक उपहार जीतने का अवसर मिलेगा। 

दीपावली के अवसर को खास बनाने के लिए प्रतिष्ठान द्वारा एक्सक्लूसिव दिवाली लॉन्च ऑफर्स एवं विशेष खरीदारी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। नए शोरूम में फर्नीचर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स की आकर्षक रेंज के साथ ग्राहकों को बेहतर खरीदारी अनुभव प्रदान करने की तैयारी की गई है। प्रतिष्ठान परिवार ने शहरवासियों से इस शुभारंभ समारोह में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने तथा विशेष ऑफर्स का लाभ उठाने की अपील की है।

भारतीय जनता पार्टी पुरानी शिवपुरी मंडल की मासिक बैठक संपन्न, संगठनात्मक विषयों पर हुई चर्चा


शिवपुरी।
भारतीय जनता पार्टी पुरानी शिवपुरी मंडल की मासिक बैठक मंडल अध्यक्ष श्री गिर्राज शर्मा के नेतृत्व में गीता पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित की गई। बैठक में मंडल के पदाधिकारियों ने सहभागिता करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष गिर्राज शर्मा ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। साथ ही आगामी दिनों में आयोजित होने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों और उनकी रूपरेखा को लेकर पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा पार्टी की विचारधारा और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और मंडल स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा हुई। सभी पदाधिकारियों ने संगठन के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर, मंडल महामंत्री बलवीर यादव सहित भारतीय जनता पार्टी पुरानी शिवपुरी मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा, आगामी गतिविधियों की योजना बनाना तथा मंडल स्तर पर पार्टी को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाना रहा।

Sunday, November 1, 2026

जानकी सेना के संगीतमय सुंदरकांड के साथ हुआ द मुंबई रिजॉर्ट का भव्य शुभारंभ



मप्र राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

शिवपुरी। पड़ौरा चौराहे के समीप एबी रोड पर जानकी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत के नवीन प्रतिष्ठान द मुंबई रिजॉर्ट का शुभारंभ जानकी सेना के संगीतमय सुंदरकांड पाठ के साथ भव्य एवं धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। दोपहर 2 बजे से प्रारंभ हुआ यह आयोजन रात्रि 11 बजे तक चला। इस अवसर पर धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने उपस्थित होकर प्रतिष्ठान के संचालक विक्रम सिंह रावत को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री जयभान सिंह पवैया उपस्थित रहे। वहीं मुख्य संरक्षक के रूप में महामंडलेश्वर महाराज श्री पुरुषोत्तम दास जी, महामंडलेश्वर महाराज श्री अनिल आनंद, आध्यात्मिक गुरु डॉ. रघुवीर सिंह गौर एवं नीम करौली बाबा के प्रपौत्र श्री धनंजय शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा, सबलगढ़ विधायक श्रीमती सरला रावत, समाजसेवी एवं बीड़ी नं. 72 के संचालक श्री त्रिलोक चंद्र अग्रवाल (बल्लू भैया), पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री गिर्राज दंडोतिया तथा जनपद पंचायत श्योपुर की अध्यक्ष श्रीमती रीना आशीष मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इनके अलावा नगर के समाजसेवी, व्यापारी, चिकित्सक एवं अनेक गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

 शुभारंभ अवसर पर जानकी सेना द्वारा संगीतमय सुंदरकांड का मनोहारी पाठ किया गया। भक्ति और श्रद्धा से परिपूर्ण इस आयोजन के पश्चात सभी आगंतुकों के लिए प्रसादी स्वरूप स्नेहभोज की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में पधारे अतिथियों ने पूरे रिजॉर्ट परिसर का अवलोकन किया तथा यहां उपलब्ध खानपान एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर अतिथियों ने प्रतिष्ठान के संचालक विक्रम सिंह रावत को नवीन व्यवसाय की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए विभिन्न उपहार भी भेंट किए। वहीं प्रतिष्ठान की ओर से अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिवादन किया गया।

हाईवे यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा द मुंबई रिजॉर्ट

पड़ौरा चौराहे के समीप एबी रोड पर स्थित द मुंबई रिजॉर्ट को आकर्षक साज-सज्जा एवं आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है। यहां मुंबई चौपाटी, स्वीमिंग पूल और रूफटॉप जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही सुबह के नाश्ते, दोपहर के भोजन, शाम की चाय एवं रात्रि भोज की व्यवस्था भी रहेगी। इस प्रकार हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी एक ही परिसर में खानपान एवं मनोरंजन की सुविधाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम के अंत में द मुंबई रिजॉर्ट के संचालक विक्रम सिंह रावत ने सभी अतिथियों, संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नगरवासियों के आगमन और शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

दिल्ली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल भदरोनी का त्रैमासिक परीक्षा परिणाम 95 प्रतिशत से अधिक, विद्यालय परिवार में हर्ष




प्रथम वर्ष में ही विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में बनाई विशिष्ट पहचान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ बढ़ रहा आगे

शिवपुरी। दिल्ली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, भदरोनी ने अपने त्रैमासिक परीक्षा परिणाम में 95 प्रतिशत से अधिक का शानदार परिणाम हासिल कर शिक्षा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। विद्यालय की इस सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है।विद्यालय की इस उपलब्धि के पीछे चेयरमैन रमेश नायक (बंजारा) की दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति समर्पण भी महत्वपूर्ण आधार है। आदिम जाति कल्याण विभाग में डिप्टी डायरेक्टर के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने अपना एक विशेष लक्ष्य निर्धारित किया कि क्षेत्र के गरीब एवं निर्धन परिवारों के बच्चों को भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। 

इसी संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से उन्होंने जिला मुख्यालय शिवपुरी से लगभग 22 किलोमीटर दूर बैराड़ रोड स्थित ग्राम भदरोनी में दिल्ली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की स्थापना की। उनका उद्देश्य ग्रामीण अंचल के बच्चों को शहर जैसी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना है। इसका सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहा है। विद्यालय के विद्यार्थी प्रत्येक वर्ष उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर अपने क्षेत्र, अभिभावकों और विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।

विद्यालय प्रबंधन चेयरमेन रमेश नायक (बंजारा)के अनुसार, इस शानदार परीक्षा परिणाम के पीछे अनुभवी एवं योग्य शिक्षकों की समर्पित टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम एवं अन्य राज्यों से आए योग्य और प्रशिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। विद्यालय ने अपने प्रथम वर्ष में ही शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर अपनी अलग पहचान स्थापित की है।

विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनका शैक्षणिक, शारीरिक, मानसिक, नैतिक एवं सामाजिक विकास सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

परिणाम से उत्साहित विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संस्कार और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करना ही विद्यालय का मुख्य संकल्प है। इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के मेहनती विद्यार्थियों, समर्पित शिक्षकगणों और विद्यालय पर विश्वास जताने वाले अभिभावकों को दिया गया है।इस अवसर पर प्रधानाचार्य एवं समस्त विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने की कामना की। दिल्ली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, भदरोनी का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारवान, आत्मनिर्भर एवं प्रतिभाशाली पीढ़ी का निर्माण करना है।

थाना फिजीकल पुलिस द्वारा 02 साल से फरार स्थाई वारंटी को किया गिरफ्तार


शिवपुरी-
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर डी प्रजापति एवं सी एस पी सचिन कुमार धुर्वे के मार्ग निर्देशन में माननीय न्यायालय श्री रुपम तोमर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शिवपुरी के प्रकरण क्रमांक 125/2020 धारा 138 एनआई एक्ट में सजा प्राप्त आरोपी को सजा भुगताये जाने हेतु माननीय न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंटी जारी किया गया था। उक्त वारंट के निष्पादन में आरोपी आकाश धाकड पुत्र ऊदल धाकड निवासी आसमानी माता मंदिर के पास करौदी कालौनी हाल ग्वालियर बायपास सोनचिरैया होटल के सामने शिवपुरी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। गिरफ्तार शुदा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्यवाही में निरीक्षक अवनीश सिंह राठौड, प्रआर. ऊदल सिंह गुर्जर, प्रआर.अमित कुमार, आर. नरेन्द्र राठौर, सैनिक मनोज शर्मा शामिल रहे। 


भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के आकाश राठौर बने जिला महामंत्री


शिवपुरी।
भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा में आकाश राठौर को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही समर्थकों, शुभचिंतकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। आकाश राठौर को नई जिम्मेदारी मिलने पर इष्ट मित्रों, शुभचिंतकों एवं कार्यकर्ताओं ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस नियुक्ति पर उन्हें उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

40 साल की सेवा में बीईओ निगम ने सामंजस्य वाली कार्यशैली से बनाई अपनी अलग पहचान


सेवानिवृत्त पर आयोजित समारोह में जिले भर से विभागीयजन सहित गणमान्य लोग हुए शामिल

शिवपुरी। शिक्षा विभाग में साल 1986 में पदस्थ हुए मनोज निगम वर्ष 1992 से शिवपुरी जिले में ही विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे।करीब 40 साल की सेवा के बाद वे बीते रोज सेवानिवृत्त हो गये।उनके सेवानिवृत्त होने पर आयोजित भव्य समारोह में सहकर्मियों, परिजनों व साथियों ने उनके कार्य काल और कार्यशैली को याद करते हुए कहा कि निगम ने हमेशा सामंजस्य वाली कार्यशैली से एक दक्ष प्रशासक के रूप में कार्य किया और अपनी विशिष्ट पहचान बनाई व अधिनस्थों व सहकर्मियों के बीच लोकप्रिय रहे। निगम का करीब 34 वर्ष का कार्यकाल शिवपुरी जिले में ही रहा 

इस दौरान उन्होंने व्याख्याता, बीआरसीसी, प्राचार्य,बीईओ, डीपीसी, सहायक संचालक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर निर्विवाद रूप से कार्य किया। अधिकारी होते हुए भी उनके प्रति सभी के अपनत्व का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें विभाग में सम्मानपूर्वक दद्दा कहकर संबोधित किया जाता है। निगम के सेवानिवृत्त होने पर कर्मचारी नेता, स्नेह रघुवंशी, राजेन्द्र पिपलौदा,नीरज सरैया, बृजेन्द्र भार्गव, प्रदीप अवस्थी, उमेश करारे,भरत सिंह धाकड़, अरविंद सरैया, सुनील वर्मा, राजकुमार सरैया, कमलकांत कोठारी,हेमंत खटीक, इरशाद कुर्रेशी, रामेश्वर गुप्ता, रामकृष्ण रघुवंशी,आदि ने शुभकामनाएं दी हैं।

अब डॉ.गौतम होंगे शिवपुरी बीईओ
मनोज निगम के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हुए शिवपुरी बीईओ का प्रभार कन्या उमावि कोर्ट रोड में पदस्थ उच्च माध्यमिक शिक्षक डॉ. कौशल गौतम को सौपा गया है।जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने कलेक्टर के अनुमोदन उपरांत उन्हें बीईओ शिवपुरी के आहरण संवितरण अधिकार प्रदान किए हैं, वहीं पोहरी बीईओ के आहरण संवितरण अधिकार उमावि गाजीगढ में पदस्थ उमा शिक्षक अवधेश सिंह तौमर को सौंपे हैं फिलहाल तौमर पर पोहरी बीईओ का प्रशासकीय प्रभार था। दोनों की ही नियुक्ति पर शिक्षक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

शिवपुरी मेडिकल कॉलेज को मिली बड़ी सौगात : डॉ. सुनील तोमर ने हासिल की एमडी बायोकेमिस्ट्री की डिग्री


बायोकेमिस्ट्री विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं मिलने से पैथोलॉजी विभाग को मिलेगी मजबूती

शिवपुरी। अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट कार्यशैली के बल पर शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के होनहार चिकित्सक डॉ. सुनील तोमर ने एक और उल्लेखनीय सफलता अपने नाम कर ली है। शनिवार को घोषित हुए परीक्षा परिणाम में उन्होंने एमडी (बायोकेमिस्ट्री) की डिग्री सफलतापूर्वक हासिल कर ली है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनके परिजनों और शुभचिंतकों में, बल्कि पूरे मेडिकल कॉलेज परिसर व क्षेत्र वासियों में हर्ष का माहौल है।

लंबे समय से महसूस हो रही थी विशेषज्ञ चिकित्सक की आवश्यकता
जानकारी के मुताबिक शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग के अंतर्गत बायोकेमिस्ट्री विंग में एक कुशल विशेषज्ञ चिकित्सक की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब डॉ. सुनील तोमर के इस महत्वपूर्ण पद और विशेषज्ञता के साथ जुडऩे से विभाग को उच्च स्तरीय मजबूती मिलेगी। उनके मार्गदर्शन और सेवाओं से आम मरीजों को पैथोलॉजी संबंधी सभी प्रकार की जटिल जांचों तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ और अधिक सुगमता और सटीकता के साथ मिल सकेगा। अपनी कार्यकुशलता और मिलनसार स्वभाव के कारण डॉ. सुनील तोमर क्षेत्र में एक प्रभावी और लोकप्रिय छवि रखते हैं। वे मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर तथा सेवानिवृत्त डीएसपी सुरेश सिंह सिकरवार के बेहद करीबी और विश्वासपात्र माने जाते हैं। डॉ सुनील तोमर हमेशा चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर करने के लिए तत्पर रहते हैं। उनकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि लगन और सेवाभाव से हर मुकाम को हासिल किया जा सकता है।

मिल रही हैं बधाइयां
डॉ. सुनील तोमर की इस बड़ी सफलता पर मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा व जिले के प्रभारी मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर, सेवानिवृत्त डीएसपी सुरेश सिंह सिकरवार सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सा जगत के चिकित्सकों और उनके इष्ट-मित्रों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे शिवपुरी जिले के स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक कदम बताया है।

मप्र स्थापना दिवस पर कैट ने शुरू किया 'एक जिला-एक वटवृक्ष संकल्प" अभियान, जिले भर में किया जाएगा पौधारोपण




कैट के द्वारा व्यापारी संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश

शिवपुरी। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) मध्यप्रदेश द्वारा प्रदेशव्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान 'एक जिला-एक वटवृक्ष संकल्पÓ आयोजित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत 1 नवंबर 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में वटवृक्ष (बरगद) के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया। कैट मध्यप्रदेश के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन द्वारा 31 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से प्रदेश के सभी पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों एवं जिला अध्यक्षों से अपने-अपने जिलों में इस अभियान को प्रभावी रूप से आयोजित करने की अपील की गई। 

कैट जिला इकाई अध्यक्ष गंगाधर गोयल महासचिव सौरभ सांखला ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 नवंबर को आयोजित इस अभियान में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रभारी ग्वालियर संभाग कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन जैन (पीएस), जिला कोषाध्यक्ष गिरीश जैन एवं जिला संगठन मंत्री गोपेन्द्र जैन सहित समस्त कैट सदस्यों ने मिलकर जिले में पर्यावरण संरक्षण के इस संकल्प को आगे बढ़ाया। इस अवसर पर सभी कैट साथियों ने तात्याटोपे पार्क में उत्थान एनजीओ बच्चों के साथ तात्या टोपे पार्क की सफाई में सहयोग कर पौधारोपण करा। 

इस कार्य में कैट के कृष्णमोहन अग्रवाल(बंटी), रघुवीर गुप्ता, राजीव निगौती, सुनील माहेश्वरी, दीपक गोयल, राजकुमार जैन, रवि गोयल, तोमर साहब, सुरेश बंसल आदि मौजूद रहे। कैट सदस्यता महाअभियान के तहत आज मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के पावन अवसर पर श्री राजकुमार जैन , ग्वालियर शूटिंग वालो को प्राथमिकता सदस्य बना कर सदस्यता अभियान की शुरुआत करी गई।

दून पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाई गई सरदार पटेल की जयंती



सत्यनिष्ठा से समृद्धि विषय पर आयोजित हुईं विविध प्रतियोगिताएं, विजेताओं को मिला पुरस्कार

शिवपुरी। देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के दिशानिर्देशानुसार दून पब्लिक स्कूल, शिवपुरी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत अनेक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। सत्यनिष्ठा से समृद्धि थीम पर आधारित इस आयोजन में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय के निदेशक शाहिद खान ने सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि  सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोया। उनका जीवन और विचार हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस दौरान उन्होंने लौह पुरुष के जीवन से जुड़े कई प्रेरक प्रसंग भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का सफल संयोजन निरंजन मंत्री द्वारा किया गया, वहीं अंत में हिमांशु सोनी ने आयोजन की सफलता के लिए सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

विद्यार्थियों ने ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ,  बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
समारोह के दौरान अखलाक खान द्वारा विद्यालय के कक्षा 3 से 11 तक के छात्र-छात्राओं को कर्तव्यनिष्ठा एवं सत्यनिष्ठा से समृद्धि की शपथ दिलवाई गई। विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया। विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी उत्कृष्ट कला व विचारों का प्रदर्शन किया।

करैरा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, जहरीली शराब बेचते आरोपी गिरफ्तार


बढख़ाड़ी नरवर से 36 लीटर मानवीय उपभोग हेतु अनुपयुक्त मदिरा जब्त, आरोपी जेल भेजा गया

शिवपुरी। अवैध जहरीली शराब व्यापार रोकने के अभियान के तहत 01 नवंबर को वृत्त करैरा में बड़ी कार्रवाई  की गई। कलेक्टर अर्पित वर्मा, आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई।
वृत्त करैरा प्रभारी राहुल गुप्ता ने बताया कि टीम ने मुखबिर की सूचना नरवर के पास ग्राम बढख़ाड़ी में दबिश दी। इस दौरान 36 लीटर अनुपयुक्त मदिरा जब्त कर एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1), 49(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी कल्लू पुत्र हरबिलास केवट उम्र 51 वर्ष निवासी बढख़ाड़ी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग व गश्त अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। उक्त कार्रवाई में वृत्त प्रभारी राहुल गुप्ता के साथ आबकारी उपनिरीक्षक विनीत कुमार शर्मा, बृजराज शर्मा, लोकेश बेवारिया सहित आबकारी बल एवं होमगार्ड्स का सराहनीय योगदान रहा।

केएस होंडा से बाइक खरीदने वाले ग्राहक को लकी ड्रॉ में मिला एक्टिवा स्कूटर


होटल सोनचिरैया में हुआ लकी ड्रॉ का आयोजन, विधायक महेंद्र यादव ने निकाला विजेता का नाम

शिवपुरी। पुलिस कंट्रोल रूम के सामने ग्वालियर बायपास मार्ग पर संचालित केएस होंडा द्वारा ग्राहकों के लिए आयोजित लकी ड्रॉ कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय होटल सोनचिरैया में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोलारस विधायक महेंद्र यादव उपस्थित रहे। उन्होंने लकी ड्रॉ निकालकर विजेता ग्राहक के नाम की घोषणा की। इस अवसर पर केएस होंडा के ओनर डॉ. एमडी गुप्ता एवं संचालक आशय गुप्ता सहित वैश्य महासम्मेलन के संभागीय पदाधिकारी चौधरी हरिओम जैन विशेष रूप से मौजूद रहे।

      यहां लकी ड्रॉ में पुरानी शिवपुरी निवासी गजेंद्र सिंह चौहान विजेता बने, जिन्हें पुरस्कार स्वरूप एक्टिवा स्कूटर प्रदान किया गया। सभी अतिथियों ने विजेता गजेंद्र सिंह चौहान को उनके परिवार सहित एक्टिवा स्कूटर की चाबी एवं पुरस्कार सौंपकर बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विजेता गजेंद्र सिंह चौहान ने केएस होंडा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस लकी ड्रॉ में पुरस्कार मिलने की बेहद खुशी है। उन्होंने कहा कि वे अन्य लोगों को भी केएस होंडा से खरीदारी करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे और प्रतिष्ठान के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने केएस होंडा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्राहकों के साथ इस प्रकार के आयोजन प्रतिष्ठान और ग्राहकों के बीच विश्वास एवं आत्मीयता को मजबूत बनाते हैं।

शुभारंभ अवसर पर खरीदे गए होंडा वाहन के लकी विजेता को मिला विशेष पुरस्कार
केएस होंडा के शुभारंभ अवसर पर प्रतिष्ठान द्वारा ग्राहकों के लिए विशेष उपहार योजना रखी गई थी। इसके तहत प्रथम 100 ग्राहकों को उपहार प्रदान करने के साथ ही वाहन खरीदने वाले पांच भाग्यशाली ग्राहकों को विशेष पुरस्कार देने की व्यवस्था की गई थी। इसी योजना के अंतर्गत आयोजित लकी ड्रॉ में प्रथम पुरस्कार के रूप में एक्टिवा स्कूटर पुरानी शिवपुरी निवासी श्री गजेंद्र सिंह चौहान को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर केएस होंडा के डायरेक्टर आशय गुप्ता ने सभी ग्राहकों का आभार व्यक्त करते हुए शहरवासियों से दीपावली के विशेष ऑफर का लाभ उठाकर केएस होंडा से दोपहिया वाहन खरीदने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठान द्वारा ग्राहकों को बेहतर सेवाएं और आकर्षक ऑफर उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर मानस भवन में जिला स्तरीय समारोह आयोजित


मेधावी छात्रा को एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति, स्कूली छात्राओं की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

शिवपुरी-मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर स्थानीय गांधी पार्क स्थित मानस भवन में जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के पश्चात राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान के समवेत गायन के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में लोकतंत्र सेनानी (मीसाबंदियों) के संघर्ष और योगदान को नमन करते हुए समारोह में विशेष रूप से मीसाबंदियों का सम्मान किया गया। 

मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह एवं अन्य अतिथियों ने मीसाबंदी श्री महेश गौतम और श्री हरिहर शर्मा को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, माखनलाल राठौर, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, पूर्व नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, श्रीमती शैलजा, हेमंत ओझा, लवलेश जैन, हरवीर रघुवंशी आदि शामिल हुए।  

मेधावी छात्रा को 1 लाख रुपए की छात्रवृत्ति
इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर संचालित भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर शिवपुरी जिले की खनियाधाना तहसील के ग्राम खिरकिट निवासी सुश्री पूनम साहू को वर्ष 2026 के लिए एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। मंत्री श्री कुशवाह ने उन्हें छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विरासत और विकास के साथ नए आयाम गढ़ रहा है मध्यप्रदेश : मंत्री नारायण सिंह कुशवाह
मानस भवन में आयोजित मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का है। वर्ष 1956 से लेकर अब तक मध्य प्रदेश लगातार नए आयामों को छूते हुए प्रगति और विकास की गाथा गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत शिवपुरी जिले में भी बड़े उद्योगों की स्थापना की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से शिवपुरी में बड़े उद्योग की आधार शिला रखी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सहित प्रदेश में कृषि विकास दर में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है, जिससे हमारी अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूती मिल रही है।

Friday, October 30, 2026

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026: कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पिछोर क्षेत्र का किया भ्रमण


मोती सागर तालाब के सफाई अभियान का लिया जायजा, पिछोर में नवीन औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण

शिवपुरी-मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत आज कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने पिछोर विकासखण्ड का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता, राजस्व योजनाओं और औद्योगिक गतिविधियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कन्या आश्रम शाला का औचक निरीक्षण
दौरे की शुरुआत में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने विकासखण्ड पिछोर स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम शाला, ढ़ला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शाला परिसर के पुस्तकालय, भोजन कक्ष एवं रसोई का बारीकी से जायजा लिया। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के क्रम में उन्होंने जनपद सीईओ श्री नरवरिया को आश्रम परिसर में बिजली व्यवस्था शीघ्र ठीक करवाने के सख्त निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने ग्राम पंचायत बदरवास का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत हो रहे रजिस्ट्री कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों एवं आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र भी प्राप्त किए। संबंधित अधिकारियों से अद्यतन जानकारी लेते हुए रजिस्ट्री कार्यों में तेजी लाने तथा प्राप्त आवेदनों का समयसीमा के भीतर त्वरित व  निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

नवीन औद्योगिक क्षेत्र के विकास एवं अवस्थापना कार्यों का गहन निरीक्षण
क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को गति देने तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं निवेश के नए अवसरों को सृजित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने पिछोर के बदरवास ग्राम में नवीन विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उद्योग क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, बिजली, सड़क, पानी और प्लॉट आवंटन की भावी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक विकास से जुड़े सभी निर्माण एवं इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहन मिल सके।

बारिश फुहारों के बीच बदरवास में निकला आरएसएस का भव्य पथ संचलन, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत


बारिश फुहारों के बीच बदरवास में निकला आरएसएस का भव्य पथ संचलन, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत

शिवपुरी/बदरवास -राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा बदरवास नगर में अनुशासित और राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत भव्य और विशाल पथ संचलन का आयोजन शुक्रवार को किया गया। पथ संचलन के समय बारिश की फुहार भी शुरू हो गई थी लेकिन अनुशासन से बंधे स्वयंसेवकों के कदमों को बारिश डिगा न सकी। पथ संचलन भुवनेश्वरी मंदिर गढ़ी प्रांगण से शुरू होकर संपूर्ण नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। घोष की ओजस्वी थाप और कदमताल मिलाते स्वयंसेवकों के संचलन को देखने के लिए पूरा नगर उमड़ पड़ा। संचलन मार्ग में नगरवासियों ने जोरदार पुष्प वर्षा कर पथ संचलन में शामिल स्वयंसेवकों का जोशीला स्वागत किया।

गढ़ी प्रांगण से शुरू होकर वहीं हुआ संचलन का समापन
पथ संचलन का शुभारंभ नगर के ऐतिहासिक भुवनेश्वरी मंदिर गढ़ी प्रांगण से हुआ। यहाँ से प्रारंभ होकर संचलन कटरा मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 9, हतनापुर रोड, पंचमुखी हनुमान मंदिर,बस स्टैंड, आसमानी गली, जैन कॉलोनी, रिजोदी रोड, लाल चौक, लक्ष्मीगंज, सढ़ रोड, श्रीराम कॉलोनी, बारई रोड, हनुमान कॉलोनी, एबी रोड और मठ मोहल्ला,पुराना बाजार होते हुए पुन: भुवनेश्वरी मंदिर प्रांगण पहुँचकर संपन्न हुआ। पथ संचलन में पूर्ण गणवेश ,खाकी पैंट, सफेद शर्ट, सिर पर टोपी,में हाथों में दंड लिए स्वयंसेवक जब सीना तानकर अनुशासनबद्ध होकर निकले, तो पूरा माहौल देशभक्ति के रंगों में रंग गया। घोष दल की लयबद्ध धुन पर कदमताल करते स्वयंसेवकों की पंक्तिबद्ध उपस्थिति देखते ही बन रही थी। पथ संचलन के स्वागत के लिए नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत हुआ। नगरवासियों ने छतों और रास्तों से स्वयंसेवकों पर जमकर पुष्प वर्षा की। नगरवासियों की जगह-जगह भारत माता के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।

भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण को लेकर आईटीबीपी ने निकाली जागरूकता रैली



शिवपुरी-
आई.टी.बी.पी. ने शिवपुरी शहर में जागरूकता रैली का आयोजन कर स्थानीय नागरिकों से भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

आई.टी.बी.पी. की दूरसंचार वाहिनी द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत 26 अक्टूबर से 01 नवम्बर 2026 तक विभिन्न जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजीव लोचन शुक्ल, उप महानिरीक्षक के निर्देशन में शिवपुरी शहर में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सतर्कता, पारदर्शिता, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना था। जागरूकता रैली शिवपुरी शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जिसमें आई.टी.बी.पी. के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी संस्थानों की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही नागरिकों से अपने दैनिक जीवन एवं कार्यों में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता तथा जवाबदेही बनाए रखने और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक एवं सजग रहने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर आई.टी.बी.पी. द्वारा सभी नागरिकों से राष्ट्रहित में ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को अपनाते हुए भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने की अपील की गई।

नाबालिग बालिका को तीन दिन में दस्तयाब करने पर विहिप-बजरंग दल ने पुलिस अधिकारियों का किया सम्मान



एसपी, एसडीओपी, टीआई सहित देहात थाना पुलिस टीम का किया सम्मान

शिवपुरी। एक नाबालिग हिंदू बालिका के लापता होने और अपहरण के मामले में देहात थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन दिनों में बालिका को दस्तयाब करने पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग बालिका को अनस खान नामक युवक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और लगातार प्रयास करते हुए तीन दिनों के भीतर बालिका को दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म एवं अपहरण सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, एसडीओपी सचिन धुर्वे, देहात थाना प्रभारी विकास यादव एवं देहात थाना पुलिस स्टाफ का सम्मान किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस टीम की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि नाबालिग बालिका को शीघ्र दस्तयाब करना पुलिस की सराहनीय कार्रवाई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।